Tuesday, September 29, 2026
HomeUncategorizedराष्ट्रमंडल खेलों की रजत पदक विजेता ज्ञानेश्वरी यादव का मुख्यमंत्री निवास में...

राष्ट्रमंडल खेलों की रजत पदक विजेता ज्ञानेश्वरी यादव का मुख्यमंत्री निवास में भव्य स्वागत

30 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि और आउट ऑफ टर्न डीएसपी पदोन्नति की घोषणा, मुख्यमंत्री बोले— ज्ञानेश्वरी पूरे छत्तीसगढ़ का गौरव

रायपुर, 3 अगस्त 2026। ग्लासगो में आयोजित राष्ट्रमंडल खेल 2026 की महिलाओं की 53 किलोग्राम भारोत्तोलन स्पर्धा में रजत पदक जीतकर देश और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करने वाली राजनांदगांव की खिलाड़ी ज्ञानेश्वरी यादव का मुख्यमंत्री निवास में आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया गया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने उनकी ऐतिहासिक उपलब्धि पर 30 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि तथा आउट ऑफ टर्न डीएसपी पद पर पदोन्नति देने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ज्ञानेश्वरी यादव ने अपने पहले ही राष्ट्रमंडल खेलों में कुल 199 किलोग्राम वजन उठाकर रजत पदक जीतते हुए यह साबित कर दिया कि दृढ़ इच्छाशक्ति, अनुशासन और कठोर परिश्रम से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि केवल एक खिलाड़ी की सफलता नहीं, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के गौरव और खेल प्रतिभा का सम्मान है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सीमित संसाधनों और अनेक चुनौतियों के बावजूद ज्ञानेश्वरी ने अपने सपनों को साकार किया है। उनकी सफलता प्रदेश के युवाओं, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत है। इसी भावना के साथ राज्य सरकार ने उन्हें आउट ऑफ टर्न डीएसपी पद पर पदोन्नत करने का निर्णय लिया है, ताकि अन्य खिलाड़ी भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित हों।

मुख्यमंत्री ने बताया कि ग्लासगो रवाना होने से पहले उन्होंने ज्ञानेश्वरी से मुलाकात कर उनके बेहतर प्रदर्शन की शुभकामनाएं दी थीं। रजत पदक जीतने के बाद उन्होंने वीडियो कॉल के माध्यम से भी उन्हें बधाई दी थी। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज उनका सम्मान पूरे प्रदेश के लिए गर्व और उत्सव का अवसर है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए आधुनिक खेल अधोसंरचना, विश्वस्तरीय प्रशिक्षण, बेहतर कोचिंग और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है। सरकार का उद्देश्य ऐसा वातावरण तैयार करना है, जहां प्रदेश का प्रत्येक प्रतिभाशाली खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सके।

मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि ज्ञानेश्वरी यादव भविष्य में भी अपने शानदार प्रदर्शन से भारत और छत्तीसगढ़ का नाम विश्व मंच पर नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगी। उन्होंने कहा कि प्रतिभाओं को पहचानना, उन्हें अवसर देना और उनकी उपलब्धियों का सम्मान करना राज्य सरकार की खेल नीति का प्रमुख आधार है, जो छत्तीसगढ़ को खेलों के क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments