Tuesday, September 29, 2026
HomeUncategorizedNFIR के संघर्ष को मिली बड़ी सफलता: अब रेल पेंशनभोगी अपनी सुविधा...

NFIR के संघर्ष को मिली बड़ी सफलता: अब रेल पेंशनभोगी अपनी सुविधा अनुसार HRMS या मैनुअल पास ले सकेंगे

NFIR के संघर्ष को मिली बड़ी सफलता: अब रेल पेंशनभोगी अपनी सुविधा अनुसार HRMS या मैनुअल पास ले सकेंगे

मूकनायक

दिलीप मैश्राम
बिलासपुर छत्तीसगढ़

राष्ट्रीय भारतीय रेलवे कर्मचारी महासंघ (NFIR) के सतत प्रयासों, सकारात्मक संवाद एवं पेंशनभोगियों की समस्याओं को प्रभावी ढंग से रेलवे बोर्ड के समक्ष उठाने का परिणाम सामने आया है। रेलवे बोर्ड ने 31 जुलाई 2026 को जारी आदेश के माध्यम से सेवानिवृत्त रेल कर्मचारियों, पारिवारिक पेंशनभोगियों तथा सेवारत दिव्यांग कर्मचारियों को बड़ी राहत प्रदान करते हुए यह व्यवस्था बहाल कर दी है कि वे अपनी सुविधा एवं विकल्प के अनुसार HRMS के माध्यम से अथवा मैनुअल (Physical) प्रणाली से Pass/PTO प्राप्त कर सकेंगे।

गौरतलब है कि पूर्व में केवल HRMS आधारित व्यवस्था लागू किए जाने से अनेक सेवानिवृत्त कर्मचारी, विधवा पेंशनभोगी तथा डिजिटल संसाधनों से वंचित लाभार्थियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। इस गंभीर समस्या को NFIR ने प्रमुखता से रेलवे बोर्ड के समक्ष उठाया और पुराने विकल्प को जारी रखने की जोरदार मांग की।

रेलवे बोर्ड ने अपने आदेश में स्वीकार किया है कि बड़ी संख्या में पेंशनभोगी डिजिटल रूप से सक्षम नहीं हैं तथा कई स्थानों पर इंटरनेट और आवश्यक सुविधाओं का अभाव है। इन परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया कि पात्र लाभार्थियों को HRMS अथवा मैनुअल प्रणाली, दोनों में से किसी भी माध्यम से Pass/PTO प्राप्त करने की स्वतंत्रता होगी।

///रेलवे बोर्ड के प्रमुख निर्णय///

सेवानिवृत्त रेल कर्मचारी, पारिवारिक पेंशनभोगी एवं सेवारत दिव्यांग कर्मचारी अपनी सुविधा अनुसार HRMS या मैनुअल (Physical) प्रणाली से Pass/PTO प्राप्त कर सकेंगे।

रेलवे की सभी इकाइयों में Help Desk एवं Facilitation Centre स्थापित किए जाएंगे, ताकि लाभार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

यह व्यवस्था प्रारंभिक रूप से छह माह तक लागू रहेगी, जिसके बाद इसकी समीक्षा की जाएगी।

जो पेंशनभोगी पहले से HRMS के माध्यम से Pass/PTO ले रहे हैं, उनके संबंध में पूर्व व्यवस्था यथावत रहेगी।

इस महत्वपूर्ण निर्णय पर NFIR के अध्यक्ष श्री गुमान सिंह एवं महासचिव श्री एम. राघवैया ने इसे रेलवे परिवार की बड़ी जीत बताते हुए कहा कि संगठन हमेशा कर्मचारियों एवं पेंशनभोगियों के अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध रहा है और आगे भी उनकी समस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष जारी रहेगा।

रेल कर्मचारियों एवं पेंशनभोगियों ने इस ऐतिहासिक निर्णय के लिए NFIR के नेतृत्व एवं संगठन के सतत प्रयासों की सराहना करते हुए इसे कर्मचारी हित में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है।

“NFIR संघर्ष करता है – परिणाम लाता है।” इसी संकल्प के साथ संगठन कर्मचारियों, पेंशनभोगियों एवं उनके परिवारों के हितों की रक्षा के लिए निरंतर कार्यरत है।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments