Tuesday, September 29, 2026
HomeUncategorizedराजनांदगांव में एचपीवी टीकाकरण अभियान को मिली गति, 6,576 किशोरियों को लगाया...

राजनांदगांव में एचपीवी टीकाकरण अभियान को मिली गति, 6,576 किशोरियों को लगाया गया टीका

सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए निःशुल्क टीकाकरण जारी, 4,001 शेष पात्र बालिकाओं का होगा जल्द टीकाकरण

किशोरी बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर (गर्भाशय ग्रीवा के कैंसर) जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से राजनांदगांव जिले में एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान प्रभावी ढंग से संचालित किया जा रहा है। शासन के निर्देशानुसार जिले में 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की पात्र बालिकाओं को निःशुल्क एचपीवी वैक्सीन लगाई जा रही है।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नेतराम नवरतन ने बताया कि विशेष अभियान के तहत अब तक जिले की 6,576 किशोरी बालिकाओं का सफलतापूर्वक टीकाकरण किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि एचपीवी वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित एवं चिकित्सकीय रूप से प्रमाणित है तथा अब तक इसके किसी गंभीर दुष्प्रभाव की जानकारी सामने नहीं आई है।

उन्होंने बताया कि प्रथम चरण में टीकाकरण से वंचित रह गईं 4,001 पात्र किशोरी बालिकाओं का भी शीघ्र टीकाकरण कराया जाएगा। यह सुविधा जिले के उप-स्वास्थ्य केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, जिला चिकित्सालय तथा अन्य शासकीय स्वास्थ्य संस्थानों में निःशुल्क उपलब्ध है।

स्वास्थ्य विभाग ने जिले के सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे अपनी पात्र बेटियों का समय पर एचपीवी टीकाकरण अवश्य कराएं, ताकि उन्हें भविष्य में सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के जोखिम से सुरक्षित रखा जा सके।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments