
एनसीसी में उत्कृष्ट नेतृत्व, अनुशासन और सामाजिक सेवा के लिए हुआ चयन, ₹25,000 की नगद राशि से होंगी सम्मानित
रायपुर, 29 जुलाई 2026। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के कृषि महाविद्यालय, रायपुर की छात्रा एवं 8 सीजी गर्ल्स बटालियन (एनसीसी) की कैडेट सानंदा शोविता का चयन वर्ष 2025-26 के लिए मुख्यमंत्री सर्वश्रेष्ठ सीनियर विंग कैडेट पुरस्कार के लिए किया गया है। यह सम्मान एनसीसी में उत्कृष्ट नेतृत्व, अनुशासन, प्रशिक्षण, सामाजिक सेवा तथा उल्लेखनीय उपलब्धियों के आधार पर प्रदान किया जाता है।
छत्तीसगढ़ शासन द्वारा प्रतिवर्ष उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले एनसीसी कैडेटों एवं अधिकारियों को मुख्यमंत्री, शिक्षामंत्री तथा एनसीसी दिवस के अवसर पर सम्मानित किया जाता है। 8 सीजी गर्ल्स बटालियन, रायपुर द्वारा जारी चयन सूची में सानंदा शोविता को मुख्यमंत्री सर्वश्रेष्ठ एसडी/एसडब्ल्यू कैडेट पुरस्कार के लिए चयनित किया गया है।
इस प्रतिष्ठित सम्मान के अंतर्गत सानंदा शोविता को ₹25,000 की नगद राशि तथा प्रशस्ति सम्मान प्रदान किया जाएगा।
इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल ने इस उपलब्धि पर सानंदा शोविता को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि विश्वविद्यालय तथा कृषि महाविद्यालय के लिए गर्व का विषय है और अन्य विद्यार्थियों को भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेगी।

