
दुर्ग की युवती को समय पर मिला ओबीसी जाति प्रमाण पत्र, अब उच्च शिक्षा और सरकारी योजनाओं का मिलेगा लाभ
राज्य शासन की महत्वाकांक्षी पहल ‘सेवा सेतु’ जरूरतमंद नागरिकों के लिए आवश्यक प्रमाण पत्रों की प्रक्रिया को सरल और सुगम बनाने में प्रभावी साबित हो रही है। इसी पहल के माध्यम से दुर्ग निवासी हिरामन को अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) का जाति प्रमाण पत्र प्राप्त हुआ, जिससे उनके लिए शिक्षा, रोजगार और विभिन्न शासकीय योजनाओं का मार्ग प्रशस्त हो गया है।
आर्थिक रूप से साधारण परिवार से आने वाली हिरामन को आगे की पढ़ाई और रोजगार के लिए जाति प्रमाण पत्र की आवश्यकता थी। पिता के निधन के बाद परिवार की जिम्मेदारी उनके कंधों पर आ गई थी। आवश्यक जानकारी और दस्तावेजों के अभाव में उन्हें लंबे समय तक कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़े, लेकिन उनका कार्य पूरा नहीं हो सका।
इसी दौरान उन्हें सेवा सेतु योजना की जानकारी मिली। उन्होंने जाति प्रमाण पत्र के लिए आवेदन किया, जिसके बाद सेवा सेतु प्रबंधक ने आवश्यक दस्तावेजों का परीक्षण कर पूरी प्रक्रिया में मार्गदर्शन और समन्वय किया। संबंधित विभाग द्वारा आवेदन की जांच के उपरांत 30 जून 2026 को उनका ओबीसी जाति प्रमाण पत्र जारी कर दिया गया।
जाति प्रमाण पत्र मिलने के बाद हिरामन ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि अब उन्हें भविष्य में शिक्षा, रोजगार तथा अन्य शासकीय कार्यों के लिए किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। उन्होंने बताया कि अब अपने प्रमाण पत्र के आधार पर अपने भाई-बहनों के जाति प्रमाण पत्र बनवाने की प्रक्रिया भी आसानी से पूरी कर सकेंगी।
उन्होंने सेवा सेतु की त्वरित, पारदर्शी और जनहितैषी कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए राज्य सरकार एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।

