मूकनायक न्यूज/दिनेश राव/सिरोही/राजस्थान।
गोल (सिरोही)।गोल पुलिया की बदहाल स्थिति की खबर उजागर होने के बाद स्थानीय प्रशासन भले ही हरकत में आ गया हो, लेकिन उनके द्वारा की गई कार्रवाई से ग्रामीण बेहद नाराज हैं। प्रशासन ने आनन-फानन में पुलिया के गड्ढों को समतल कर औपचारिकता (फॉर्मेलिटी) पूरी करने का काम शुरू तो करा दिया है, लेकिन ग्रामीणों का सीधा आरोप है कि यह सिर्फ एक ‘लीपापोती’ है, कोई स्थायी समाधान नहीं।स्थानीय ग्रामीण देवेंद्र सेन ने बताया कि समाचार प्रकाशित होने के बाद प्रशासन ने जो काम कराया है, उससे क्षेत्र के लोग बिल्कुल भी संतुष्ट नहीं हैं। ग्रामीणों का कहना है कि पुलिया की मूल ढांचागत समस्या अभी भी जस की तस बनी हुई है। इस लापरवाही के कारण यहाँ से गुजरने वाले वाहन चालकों और राहगीरों पर हर समय बड़े हादसे का खतरा मंडरा रहा है।गौरतलब है कि एक दिन पहले ही पूर्व विधायक एवं मुख्यमंत्री के सलाहकार संयम लोढ़ा ने भी मौके का निरीक्षण किया था। उन्होंने पुलिया के निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े करते हुए इसकी तकनीकी जांच कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की थी।अब क्षेत्र में सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि क्या महज कुछ डामर बिछा देने से यह जर्जर पुलिया सुरक्षित हो गई है? या फिर प्रशासन केवल शिकायतों को दबाने और जनता के गुस्से को शांत करने की कोशिश कर रहा है?ग्रामीणों ने प्रशासन से पुरजोर मांग की है कि इस पुलिया की पूरी तकनीकी जांच कराई जाए और इसका स्थायी व गुणवत्तापूर्ण सुधार किया जाए, ताकि भविष्य में किसी भी बड़े और जानलेवा हादसे को रोका जा सके।

