
संस्कृति मंत्री ने परिजनों और चिकित्सकों से की चर्चा, हरसंभव सहायता का दिया भरोसा
रायपुर, 21 जुलाई। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त लोक कलाकार एवं बांस वादक विक्रम यादव के परिजनों से दूरभाष पर चर्चा कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने आश्वस्त किया कि राज्य सरकार उनके समुचित उपचार और आवश्यक सहायता के लिए पूरी संवेदनशीलता के साथ उनके साथ खड़ी है तथा इलाज में किसी भी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी।
संस्कृति मंत्री ने राजनांदगांव कलेक्टर एवं मेडिकल कॉलेज के वरिष्ठ चिकित्सकों से भी चर्चा कर विक्रम यादव के उपचार पर विशेष ध्यान देने, सभी आवश्यक चिकित्सकीय सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा विशेषज्ञ चिकित्सकों की देखरेख में बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि अतिरिक्त चिकित्सा सुविधाओं की आवश्यकता होगी तो राज्य शासन हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराएगा।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि विक्रम यादव केवल छत्तीसगढ़ ही नहीं, बल्कि देश की सांस्कृतिक धरोहर हैं। उन्होंने अपनी बांस वादन कला के माध्यम से छत्तीसगढ़ की लोक परंपराओं को अंतरराष्ट्रीय मंचों तक पहचान दिलाई है। ऐसे कलाकार प्रदेश का गौरव हैं और उनके सम्मान, स्वास्थ्य तथा सुरक्षा की जिम्मेदारी शासन और समाज दोनों की है।
मुख्यमंत्री ने उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हुए कहा कि राज्य सरकार इस कठिन समय में उनके साथ पूरी मजबूती से खड़ी है। उन्होंने कहा कि सरकार लोक कलाकारों के सम्मान, संरक्षण और कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है तथा आवश्यकता की घड़ी में उनके साथ खड़ा होना सरकार का नैतिक दायित्व है।
उल्लेखनीय है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी विशिष्ट बांस वादन शैली के लिए पहचान रखने वाले विक्रम यादव लंबे समय से अस्वस्थ हैं और वर्तमान में राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज में उनका उपचार चल रहा है। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद राज्य सरकार ने उनके बेहतर उपचार और आवश्यक सहयोग सुनिश्चित करने की पहल तेज कर दी है।

