
विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में युवा प्रशासनिक अधिकारियों की भूमिका महत्वपूर्ण, चयनित अभ्यर्थियों को दी शुभकामनाएं
रायपुर, 21 जुलाई। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से सोमवार को रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में छत्तीसगढ़ से अखिल भारतीय सेवाओं में चयनित अभ्यर्थियों ने सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने सभी चयनित अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं और जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता बनाने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अखिल भारतीय सेवाओं में चयन केवल अभ्यर्थियों और उनके परिवार के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक सेवा समाज और राष्ट्र निर्माण का प्रभावी माध्यम है, इसलिए अधिकारियों को संवेदनशीलता, ईमानदारी और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए।

उन्होंने चयनित अभ्यर्थियों से कहा कि उन्हें समाज की सेवा का जो अवसर मिला है, वह एक बड़ी जिम्मेदारी है। इस अवसर का उपयोग आमजन के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने तथा प्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिए किया जाना चाहिए। मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि युवा अधिकारी अपनी प्रतिभा, कार्यकुशलता और सेवा भावना से विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।
मुलाकात के दौरान चयनित अभ्यर्थियों ने मुख्यमंत्री से अपने अनुभव साझा किए तथा उनके मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर सुष्मिता सिंह, वैभवी अग्रवाल, दर्शना सिंह बघेल, रौनक अग्रवाल, अजय गुप्ता, अंकित सकनी, डायमंड ध्रुव और संजय डहरिया सहित उनके परिजन भी उपस्थित रहे।

