मूकनायक/दिनेश राव/सिरोही/राजस्थान।
गोल (सिरोही)। बरलूट थाना क्षेत्र में पिछले करीब दो से तीन महीनों से चोरी की कोई बड़ी वारदात सामने नहीं आई थी, लेकिन अब एक बार फिर चोरों ने अपनी मौजूदगी दर्ज कराते हुए गोल गांव में एक सूने मकान को निशाना बनाया है।जानकारी के अनुसार, रामदेवजी मंदिर के सामने स्थित महेंद्र कुमार लोहार का बंगला लंबे समय से बंद पड़ा था, क्योंकि परिवार वर्तमान में सूरत में निवास करता है। बीती रात अज्ञात चोर मकान में घुस गए और अंदर रखे सामान को खंगालते हुए पूरे घर को अस्त-व्यस्त कर दिया।घटना का पता घर में लगे सीसीटीवी सिस्टम के माध्यम से परिवार को चला, जिसके बाद तुरंत बरलूट पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही हेड कांस्टेबल डूंगर सिंह मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।प्रारंभिक जांच में सामने आया कि मकान में लगा डीवीआर मौके पर उपलब्ध नहीं था, जिससे तुरंत फुटेज नहीं देखे जा सके। पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाल रही है ताकि संदिग्धों तक पहुंचा जा सके।पुलिस के अनुसार, परिवार के सूरत से लौटने के बाद ही चोरी हुए सामान का सही आकलन हो सकेगा और उसी आधार पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। फिलहाल चोरी गए सामान या नकदी की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। बरलूट पुलिस विभिन्न पहलुओं से मामले की जांच कर रही है और जल्द ही वारदात का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।

