

जैन बेकरी से खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए भेजे, शिकायतों पर हुई ताबड़तोड़ कार्रवाई
संवाददाता – सत्यशील गोंडाने, बालाघाट
बालाघाट। जिले में सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने शिकायतों के आधार पर गर्रा स्थित सावजी भोजनालय और जैन बेकरी का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान सावजी भोजनालय में स्वच्छता संबंधी गंभीर खामियां मिलने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया, जबकि जैन बेकरी से खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
निरीक्षण के दौरान सावजी भोजनालय का खाद्य सुरक्षा पंजीयन वैध पाया गया, लेकिन किचन एवं परिसर की स्वच्छता बेहद खराब मिली। अधिकारियों ने पाया कि किचन और बर्तन धोने वाले क्षेत्र की दीवारें एवं फर्श जर्जर थे। परिसर में गंदगी, मक्खियों का प्रकोप और अस्वच्छ वातावरण मिलने पर इसे खाद्य सुरक्षा मानकों का गंभीर उल्लंघन मानते हुए संबंधित प्रतिष्ठान के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई प्रारंभ की गई।
वहीं, जैन बेकरी के विरुद्ध खाद्य पदार्थों में रसायनों एवं कृत्रिम रंगों के उपयोग की शिकायत मिलने पर विभाग ने डोनट, इंप्रूवर, एनहांसर सहित अन्य खाद्य सामग्री के नमूने विधिवत सील कर राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजे हैं। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद यदि खाद्य पदार्थ निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाए जाते हैं तो संबंधित प्रतिष्ठान के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने कहा है कि जिले में मिलावटी, अस्वच्छ एवं निम्न गुणवत्ता वाले खाद्य पदार्थों के कारोबार पर किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी। नागरिकों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले प्रतिष्ठानों के विरुद्ध लगातार निरीक्षण अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी होटल, भोजनालय, बेकरी अथवा अन्य खाद्य प्रतिष्ठान में स्वच्छता की कमी, मिलावट या खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन की जानकारी मिले तो तत्काल विभाग को सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई कर लोगों के स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

