Tuesday, September 29, 2026
HomeUncategorizedप्रधानमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से चांपा सहित देशभर के 75...

प्रधानमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से चांपा सहित देशभर के 75 पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों का किया भव्य लोकार्पण

जनप्रतिनिधियों एवं रेलवे अधिकारियों की उपस्थिति में चांपा स्टेशन पर आयोजित हुआ समारोह, यात्रियों को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं और क्षेत्रीय विकास को मिलेगी नई गति

बिलासपुर, 17 जुलाई। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत देशभर के 75 पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों का लोकार्पण किया। इसी क्रम में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल अंतर्गत चांपा रेलवे स्टेशन का भी लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर चांपा स्टेशन परिसर में भव्य समारोह आयोजित किया गया, जिसमें जनप्रतिनिधियों, रेलवे अधिकारियों एवं बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लिया।

कार्यक्रम में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू, जांजगीर-चांपा सांसद कमलेश जांगड़े, मंडल रेल प्रबंधक राकेश रंजन, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (निर्माण) मुदित भटनागर सहित रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी एवं अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। समारोह की शुरुआत स्थानीय कलाकारों और विद्यार्थियों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से हुई। इसके बाद अमृत भारत स्टेशन योजना पर आधारित लघु फिल्म का प्रदर्शन किया गया तथा प्रधानमंत्री के संबोधन का सीधा प्रसारण दिखाया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने रेलवे के विकास कार्यों की जानकारी देते हुए प्रधानमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया। सांसद कमलेश जांगड़े ने भी चांपा स्टेशन के पुनर्विकास की सराहना करते हुए इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चांपा रेलवे स्टेशन का लगभग 13 करोड़ रुपये की लागत से उन्नयन एवं आधुनिकीकरण किया गया है। स्टेशन का पुनर्विकास स्थानीय सांस्कृतिक विरासत और आधुनिक वास्तुकला के समन्वय के साथ किया गया है, जिससे स्टेशन को नया आकर्षक स्वरूप मिला है।

पुनर्विकास कार्यों के अंतर्गत आधुनिक स्टेशन भवन, विस्तृत प्लेटफॉर्म शेड, आरामदायक बैठने की व्यवस्था, उच्च गुणवत्ता वाली प्लेटफॉर्म सतह, डिजिटल यात्री सूचना प्रणाली, कोच पोजिशन डिस्प्ले बोर्ड, अत्याधुनिक पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम तथा बेहतर प्रकाश व्यवस्था विकसित की गई है। इसके साथ ही पार्किंग, आधुनिक शौचालय, उन्नत प्रतीक्षालय और सर्कुलेटिंग एरिया का भी विस्तार एवं सौंदर्यीकरण किया गया है।

दिव्यांगजन यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए स्टेशन पर रैंप, टैक्टाइल पाथ एवं सुगम आवागमन की अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं भी विकसित की गई हैं, जिससे सभी वर्गों के यात्रियों के लिए यात्रा अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक हो सके।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार चांपा स्टेशन का यह आधुनिकीकरण यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ क्षेत्रीय पर्यटन, व्यापार, स्थानीय अर्थव्यवस्था और सामाजिक-आर्थिक विकास को भी नई गति देगा। अब चांपा स्टेशन केवल एक रेलवे स्टेशन नहीं, बल्कि क्षेत्र का आधुनिक प्रवेश द्वार बनकर उभरा है।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments