Sunday, July 26, 2026
Homeमध्यप्रदेश*स्कूलों में मिलीं अव्यवस्थाएं, एसडीएम महेंद्र सौजन्य सख्त; नीचे लटके बिजली तार...

*स्कूलों में मिलीं अव्यवस्थाएं, एसडीएम महेंद्र सौजन्य सख्त; नीचे लटके बिजली तार तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश.

*शिक्षक मिले अनुपस्थित, शौचालय गंदे, कक्षों में नहीं मिली बिजली व्यवस्था, कम नामांकन पर भी जताई नाराजगी.


वीरू धनोलिया/मूकनायक हेड मप्र

भिंड/लहार। बरसात के मौसम में करंट से होने वाली संभावित दुर्घटनाओं को रोकने और शासकीय विद्यालयों की व्यवस्थाओं का जायजा लेने लहार एसडीएम महेंद्र सौजन्य ने शुक्रवार को नगर पालिका सीएमओ एवं विद्युत विभाग के सहायक यंत्री के साथ वार्ड क्रमांक-14 का औचक निरीक्षण किया निरीक्षण के दौरान विद्यालयों में अव्यवस्थाओं का अंबार मिलने पर एसडीएम ने संबंधित अधिकारियों एवं विद्यालय प्रबंधन को जमकर फटकार लगाई तथा तत्काल सुधार के निर्देश दिए।
डॉ. भीमराव अंबेडकर प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालय, लहार के निरीक्षण के दौरान शिक्षक मानसिंह अनुपस्थित पाए गए। वहीं विद्यालय के शौचालय गंदे मिले, कई कक्षों में बिजली की व्यवस्था नहीं थी तथा भवन की मरम्मत की आवश्यकता पाई गई। बच्चों के बैठने की समुचित व्यवस्था भी नहीं मिली। विद्यालय में छात्र नामांकन अपेक्षाकृत कम पाए जाने पर एसडीएम ने प्रधानाध्यापक को नामांकन बढ़ाने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान विद्यालय परिसर एवं आसपास कई स्थानों पर बिजली के तार नीचे लटके मिले, जिन्हें गंभीर लापरवाही मानते हुए एसडीएम ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि बरसात के दौरान नीचे लटके बिजली के तार किसी भी समय बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं,शासकीय विद्यालयों, खेतों एवं मार्गों से गुजरने वाली जर्जर और नीचे लटकी बिजली लाइनों को तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं इसके अलावा एसडीएम ने वार्ड क्रमांक-14 में क्षतिग्रस्त सड़कों एवं नालियों की सफाई व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। नगर पालिका सीएमओ को खराब सड़कों की शीघ्र मरम्मत कराने और नालियों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा और आमजन की सुविधाओं के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि निर्देशों के पालन में कोताही बरती गई तो संबंधितों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments