मूकनायक/ दिनेश राव/ ब्लाँक रिपोर्टर सिरोही/राजस्थान।
गोल(सिरोही)। बाबा नगरी वार्ड संख्या 6 में विद्युत लाइन के आसपास उगी कंटीली झाड़ियों की समस्या को लेकर संबंधित अधिकारियों के संज्ञान में मामला आने के बाद विद्युत विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए झाड़ियों की सफाई का कार्य शुरू करवा दिया है। इस पहल से क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को सुरक्षित एवं सुचारु बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।बरसात के मौसम में झाड़ियों के बढ़ने से विद्युत लाइन पर फॉल्ट होने की आशंका बनी रहती थी। इसे देखते हुए विभाग ने समय रहते सफाई कार्य प्रारंभ कराया, जिससे संभावित दुर्घटनाओं की संभावना कम होगी और बिजली आपूर्ति भी बेहतर बनी रहेगी।विद्युत विभाग के जेईएन नवीन कुमार ने बताया कि क्षेत्र में विद्युत लाइनों के आसपास आवश्यकतानुसार सफाई करवाई जा रही है। उन्होंने कहा कि आमजन की सुरक्षा विभाग की प्राथमिकता है तथा भविष्य में भी ऐसी समस्याओं पर समयबद्ध कार्रवाई जारी रहेगी।स्थानीय ग्रामीणों ने विभाग की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि भविष्य में भी विद्युत लाइनों का नियमित रखरखाव किया जाएगा, जिससे फॉल्ट की समस्या कम होगी और बिजली आपूर्ति निर्बाध बनी रहेगी।

