
रायपुर। बारिश का मौसम शुरू होते ही विद्युत करंट से होने वाली दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। इसे देखते हुए छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड ने आम नागरिकों के लिए सुरक्षा संबंधी एडवाइजरी जारी करते हुए विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।
कंपनी ने कहा है कि बारिश के दौरान बिजली के खंभों, एचटी लाइनों, टूटे हुए तारों, ट्रांसफार्मरों तथा अन्य विद्युत उपकरणों के संपर्क में आने से गंभीर हादसे हो सकते हैं। यदि कहीं बिजली के तार, खंभे या अन्य उपकरण क्षतिग्रस्त दिखाई दें तो इसकी सूचना तत्काल टोल-फ्री नंबर 1912, मोर बिजली ऐप अथवा निकटतम वितरण केंद्र या जोन कार्यालय में दें।
एडवाइजरी में नागरिकों से अपील की गई है कि बारिश के दौरान बिजली के खंभों, तारों और ट्रांसफार्मरों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें। जहां विद्युत तार या उपकरण मौजूद हों, वहां पानी में करंट फैलने की संभावना रहती है, इसलिए ऐसे स्थानों पर जाने से बचें। विद्युत उपकरणों का उपयोग करते समय हाथ-पैर सूखे रखें तथा रबर या प्लास्टिक के जूते-चप्पलों का उपयोग करें।
कंपनी ने बताया कि बारिश से पहले सभी फीडरों, ट्रांसफार्मरों और विद्युत लाइनों का निरीक्षण एवं आवश्यक रखरखाव किया जा चुका है। इसके बावजूद नागरिकों की सतर्कता अत्यंत आवश्यक है। घरों और खेतों में केवल गुणवत्तापूर्ण विद्युत उपकरणों का उपयोग करें तथा खेत या बाड़ी की बाड़ एवं कंटीले तारों में बिजली प्रवाहित न करें, क्योंकि यह अवैध होने के साथ-साथ जानलेवा भी है और इसके लिए कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।
विद्युत लाइनों या उपकरणों में खराबी आने पर स्वयं सुधार करने का प्रयास न करें। बिजली की लाइनों के नीचे स्थायी या अस्थायी निर्माण से बचें। यदि कोई विद्युत तार जमीन, नदी, नाले या तालाब में गिरा हुआ मिले तो उससे पर्याप्त दूरी बनाए रखें और तत्काल विभाग को सूचना देकर विद्युत प्रवाह बंद कराएं।
कंपनी ने लोगों से बिजली की हुकिंग न करने, कटे-फटे तारों का उपयोग न करने तथा बच्चों को विद्युत उपकरणों और लाइनों के आसपास खेलने से रोकने की भी अपील की है।
एडवाइजरी में करंट लगने की स्थिति में सबसे पहले मुख्य स्विच बंद कर बिजली का प्रवाह रोकने की सलाह दी गई है। यदि ऐसा संभव न हो तो सूखी लकड़ी, सूखी रस्सी या सूखे कपड़े की सहायता से पीड़ित को बिजली के स्रोत से अलग करें। सीधे हाथ लगाने से बचें तथा प्राथमिक उपचार देने के बाद तत्काल निकटतम अस्पताल पहुंचाएं।
छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड, बिलासपुर क्षेत्र के कार्यपालक निदेशक ए.के. अंबस्थ ने कहा कि आंधी-तूफान और बारिश के दौरान विद्युत व्यवस्था बनाए रखना चुनौतीपूर्ण कार्य होता है। उन्होंने उपभोक्ताओं से बिजली आपूर्ति बाधित होने पर घबराने के बजाय कुछ समय प्रतीक्षा करने तथा आवश्यकता होने पर टोल-फ्री नंबर 1912 पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि बिजली कर्मियों को सुधार कार्य में सहयोग दें और विद्युत लाइनों एवं उपकरणों से किसी प्रकार की छेड़छाड़ न करें। थोड़ी-सी सावधानी अपनाकर जन-धन की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकती है।

