Tuesday, September 29, 2026
HomeUncategorizedचिकित्सीय लापरवाही पर बड़ी कार्रवाई, डी.डी. अस्पताल का ऑपरेशन थियेटर और आईसीयू...

चिकित्सीय लापरवाही पर बड़ी कार्रवाई, डी.डी. अस्पताल का ऑपरेशन थियेटर और आईसीयू सील

रायपुर। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में गंभीर चिकित्सीय लापरवाही के आरोपों की जांच के बाद जिला प्रशासन ने सेमरा स्थित डी.डी. अस्पताल के ऑपरेशन थियेटर और आईसीयू वार्ड को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया है। साथ ही अस्पताल का पंजीयन (लाइसेंस) अस्थायी एवं सशर्त रूप से निरस्त कर दिया गया है।

कलेक्टर एवं पर्यवेक्षी प्राधिकारी डॉ. संतोष कुमार देवांगन ने नर्सिंग होम एक्ट तथा छत्तीसगढ़ राज्य उपचर्यागृह एवं रोगोपचार संबंधी स्थापनाएं अनुज्ञापन अधिनियम, 2020 के प्रावधानों के तहत यह कार्रवाई की है। प्रशासन का कहना है कि मरीजों की सुरक्षा और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

यह कार्रवाई 22 जून को गंभीर अवस्था में जिला अस्पताल से सिम्स बिलासपुर रेफर की गई प्रसूता ज्योति सोनवानी के उपचार से जुड़े मामले की जांच के बाद की गई। परिजनों और नागरिकों की शिकायतों पर स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त जांच टीम ने अस्पताल का विस्तृत निरीक्षण किया।

जांच में अस्पताल में कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। निरीक्षण के दौरान विशेषज्ञ चिकित्सकों और प्रशिक्षित नर्सिंग स्टाफ की पर्याप्त उपलब्धता नहीं पाई गई। गंभीर मरीजों के उपचार के लिए आवश्यक संसाधनों का भी अभाव मिला। इसके अलावा आयुष्मान भारत योजना के हितग्राहियों से अतिरिक्त शुल्क लिए जाने संबंधी शिकायतें भी जांच के दायरे में रहीं।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी तथा सिविल सर्जन द्वारा किए गए पुनः निरीक्षण में पाया गया कि एक्लेम्प्सिया जैसी गंभीर बीमारी से पीड़ित मरीज का उपचार आवश्यक विशेषज्ञों और पर्याप्त चिकित्सा सुविधाओं के बिना किया गया। अस्पताल में स्त्री रोग विशेषज्ञ, एनेस्थेटिस्ट तथा पोस्ट-ऑपरेटिव देखभाल की समुचित व्यवस्था नहीं होने के बावजूद गंभीर मरीजों का उपचार किया जा रहा था।

प्रशासन ने अस्पताल प्रबंधन को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा था। प्राप्त जवाब और जांच प्रतिवेदनों के परीक्षण के बाद कई तथ्य असत्य पाए गए तथा संबंधित अधिनियमों के उल्लंघन की पुष्टि हुई। जांच के दौरान एक अन्य गंभीर प्रसूता के उपचार में भी लापरवाही के तथ्य सामने आए।

सभी जांच प्रतिवेदनों और अधिकारियों की अनुशंसाओं के आधार पर जिला प्रशासन ने अस्पताल के ऑपरेशन थियेटर एवं आईसीयू को सील करने तथा पंजीयन अस्थायी रूप से निरस्त करने का आदेश जारी किया है। आदेश की प्रतिलिपि स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों, पुलिस अधीक्षक, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी सहित संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेज दी गई है।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मरीजों के जीवन और स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments