Tuesday, September 29, 2026
HomeUncategorizedउर्वरकों की कालाबाजारी पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, 275 बोरी यूरिया जब्त

उर्वरकों की कालाबाजारी पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, 275 बोरी यूरिया जब्त

रायपुर, 4 जुलाई। खरीफ सीजन में किसानों को निर्धारित मूल्य पर गुणवत्तापूर्ण उर्वरक उपलब्ध कराने के लिए प्रदेशभर में कालाबाजारी, जमाखोरी और अवैध भंडारण के विरुद्ध अभियान तेज कर दिया गया है। इसी क्रम में बेमेतरा जिले में जिला स्तरीय उड़नदस्ता दल ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 275 बोरी यूरिया जब्त किया है।

कृषि विभाग से मिली जानकारी के अनुसार गोपनीय सूचना के आधार पर देवकर तहसील के ग्राम जानो स्थित अँजोर वर्मा के परिसर में औचक निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान उर्वरक (नियंत्रण) आदेश, 1985 के प्रावधानों का उल्लंघन करते हुए 275 बोरी यूरिया का अवैध भंडारण पाया गया। मौके पर समस्त उर्वरक जब्त कर संबंधित व्यक्ति को कारण बताओ नोटिस जारी करने की कार्रवाई की गई है। प्राप्त जवाब के परीक्षण के बाद नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

जब्त उर्वरकों के नमूने गुणवत्ता परीक्षण के लिए अधिकृत प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं, ताकि किसानों को केवल मानक गुणवत्ता वाले उर्वरक ही उपलब्ध कराए जा सकें।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि खरीफ सीजन के दौरान उर्वरकों की कालाबाजारी, जमाखोरी, अवैध भंडारण और निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर बिक्री करने वालों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। यदि कोई निजी कृषि केंद्र, विक्रेता अथवा सहकारी संस्था अनियमितता करते हुए पाई जाती है तो उसके विरुद्ध उर्वरक (नियंत्रण) आदेश, 1985 तथा आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कठोर कार्रवाई करते हुए एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।

प्रशासन ने किसानों और आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं भी उर्वरकों की कालाबाजारी, अवैध भंडारण या अधिक कीमत पर बिक्री की जानकारी मिले तो इसकी सूचना कृषि विभाग या जिला प्रशासन को दें। शिकायतकर्ता की पहचान गोपनीय रखते हुए तत्काल कार्रवाई की जाएगी।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments