
रायपुर। धमतरी जिले में अवैध खनिज उत्खनन और रेत परिवहन के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए आठ ट्रैक्टर जब्त किए हैं। राजस्व और खनिज विभाग की संयुक्त टीम ने कोलियारी-धमतरी मार्ग पर कार्रवाई करते हुए बिना वैध दस्तावेज रेत का परिवहन कर रहे वाहनों को पकड़ा।
प्रशासन को लगातार इस मार्ग पर अवैध रेत परिवहन की शिकायतें मिल रही थीं। कलेक्टर के निर्देश पर गठित संयुक्त जांच दल ने घेराबंदी कर रेत से लदे ट्रैक्टरों की जांच की। इस दौरान वाहन चालकों से रॉयल्टी पर्ची और परिवहन अनुमति सहित आवश्यक दस्तावेज मांगे गए, लेकिन कोई भी चालक वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
इसके बाद टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सभी आठ ट्रैक्टर जब्त कर सुरक्षित अभिरक्षा में रखवा दिए। मामले में खनिज अधिनियम के तहत आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन और भंडारण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने वाहन संचालकों से केवल वैध अनुमति एवं आवश्यक दस्तावेजों के साथ ही खनिजों का परिवहन करने की अपील की है।

