

रोहदा। पर्यावरण संरक्षण और हरित परिसर के उद्देश्य से शासकीय नवीन प्राथमिक शाला रोहदी, शासकीय प्राथमिक शाला रोहदा एवं शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला रोहदा के संयुक्त तत्वावधान में विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नवप्रवेशी विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं पालकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर पौधरोपण किया।
कार्यक्रम के दौरान नवप्रवेशी बच्चों ने अपने हाथों से पौधे रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। वहीं शिक्षकों एवं पालकों ने भी सक्रिय सहभागिता निभाते हुए विद्यालय परिसर में छायादार पौधे लगाए। उपस्थित सभी लोगों ने पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण का संकल्प भी लिया।
कार्यक्रम में शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला रोहदा के प्रधानपाठक धन्यकुमार पाण्डेय, शासकीय प्राथमिक शाला रोहदा के प्रधानपाठक रामगोपाल जायसवाल तथा शासकीय नवीन प्राथमिक शाला रोहदी के प्रधानपाठक गुलज़ार बरेठ सहित शिक्षक छबि राठौर, सुनील अग्रवाल, महेश्वर साहू, गौरी शंकर गोंड, अहिल्या राठौर, श्रद्धा पाण्डेय, रवि राज एवं सेवक बरेठ उपस्थित रहे। इस अवसर पर पालक कौशल्या यादव, स्वाति महंत, रेखा महंत तथा अन्य अभिभावकों ने भी वृक्षारोपण में भागीदारी निभाई।
आयोजकों ने बताया कि इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता विकसित करने के साथ-साथ विद्यालय और समुदाय के बीच सहभागिता को भी मजबूत बनाते हैं।

