Tuesday, September 29, 2026
HomeUncategorizedशासकीय महाविद्यालय लालबर्रा में दीक्षारंभ एवं सह-प्रेरण कार्यक्रम आयोजित, नवप्रवेशित विद्यार्थियों का...

शासकीय महाविद्यालय लालबर्रा में दीक्षारंभ एवं सह-प्रेरण कार्यक्रम आयोजित, नवप्रवेशित विद्यार्थियों का हुआ आत्मीय स्वागत

मूकनायक समाचार | सत्यशील गोंडाने | लालबर्रा (बालाघाट)

नवीन शैक्षणिक सत्र 2026-27 के शुभारंभ अवसर पर शासकीय महाविद्यालय लालबर्रा में मंगलवार को नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं के लिए दीक्षारंभ एवं सह-प्रेरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को महाविद्यालयीन जीवन, शैक्षणिक गतिविधियों, अनुशासन, करियर निर्माण तथा राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 की जानकारी देकर उनका आत्मविश्वास बढ़ाना रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं वंदना के साथ हुआ। इसके बाद नवप्रवेशित विद्यार्थियों का तिलक लगाकर आत्मीय स्वागत किया गया।

प्राचार्य डॉ. संगीता मेश्राम ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नियमित अध्ययन, अनुशासन, समय का सदुपयोग और नैतिक मूल्यों का पालन ही सफलता का आधार है। उन्होंने विद्यार्थियों से लक्ष्य के प्रति समर्पित रहते हुए महाविद्यालय की शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

प्रो. सुमन बरवा ने कहा कि महाविद्यालय विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण का महत्वपूर्ण केंद्र है, जहां शिक्षा के साथ संस्कार भी प्राप्त होते हैं। राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. प्रदीप कुमार भिमटे ने महाविद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों, नियमों, उपलब्ध सुविधाओं एवं समय प्रबंधन की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को सामाजिक दायित्वों के प्रति जागरूक रहने की प्रेरणा दी।

स्वामी विवेकानंद प्रकोष्ठ के प्रभारी नरेश सौलखे ने प्रतियोगी परीक्षाओं, करियर निर्माण तथा विभिन्न छात्रवृत्ति योजनाओं की जानकारी साझा की। वहीं क्रीड़ा अधिकारी डॉ. हृषिकेश पटेल ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020, क्रेडिट आधारित शिक्षा प्रणाली एवं शासन की छात्र हितैषी योजनाओं से विद्यार्थियों को अवगत कराया।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. कामाक्षा बिसेन ने किया तथा अनिभा शरणागत ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नवप्रवेशित छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने नए विद्यार्थियों में महाविद्यालय के प्रति आत्मीयता, उत्साह और सकारात्मक ऊर्जा का संचार किया।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments