



मूकनायक समाचार | सत्यशील गोंडाने | वारासिवनी
वारासिवनी स्थित एसएसपी महाविद्यालय में मूलभूत सुविधाओं के अभाव को लेकर मंगलवार को भीम आर्मी स्टूडेंट्स फेडरेशन के नेतृत्व में छात्र-छात्राओं ने कॉलेज के मुख्य द्वार पर धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने कॉलेज प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विभिन्न समस्याओं के शीघ्र निराकरण की मांग की।
प्रदर्शन का नेतृत्व जिला संयोजक सुजल मेश्राम, जिला सह सचिव स्वपनिल बंसोड, जिला सचिव राहुल गजभिये एवं कॉलेज अध्यक्ष अभिनय डोंगरे ने किया। छात्र नेताओं का कहना था कि कई बार शिकायत और ज्ञापन देने के बावजूद कॉलेज में मूलभूत सुविधाओं की स्थिति में सुधार नहीं हुआ है, जिससे विद्यार्थियों को पढ़ाई में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
प्रदर्शनकारी छात्रों ने आरोप लगाया कि महाविद्यालय में स्वच्छ पेयजल की समुचित व्यवस्था नहीं है, कई कक्षाओं के पंखे खराब हैं तथा शौचालयों की नियमित सफाई नहीं होने से विशेषकर छात्राओं को परेशानी उठानी पड़ रही है। उन्होंने परिसर में फैली गंदगी और अव्यवस्थाओं पर भी नाराजगी जताते हुए कहा कि इससे शैक्षणिक वातावरण प्रभावित हो रहा है।
जिला संयोजक सुजल मेश्राम ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए विद्यार्थियों को न्यूनतम आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना जरूरी है। उन्होंने कॉलेज प्रशासन से स्वच्छ पेयजल, सभी कक्षाओं में सुचारु पंखों की व्यवस्था, शौचालयों की नियमित सफाई तथा परिसर की स्वच्छता सुनिश्चित करने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य विवाद पैदा करना नहीं, बल्कि अपनी जायज मांगों को प्रशासन तक पहुंचाना है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
प्रदर्शन की सूचना मिलने पर कॉलेज प्रबंधन के अधिकारियों ने प्रदर्शनकारी छात्रों से चर्चा कर उनकी मांगों पर विचार करने का आश्वासन दिया। हालांकि छात्रों ने कहा कि अब केवल आश्वासन नहीं, बल्कि धरातल पर कार्रवाई दिखाई देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते व्यवस्थाओं में सुधार नहीं हुआ तो जिलेभर के विद्यार्थियों को साथ लेकर बड़ा आंदोलन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी कॉलेज प्रशासन की होगी।

