




मूकनायक समाचार | सत्यशील गोंडाने | कटंगी (बालाघाट)
मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत मंगलवार को कटंगी के बामन नाला तालाब स्थित रानी दुर्गावती सामुदायिक भवन में बावड़ी उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, छात्र-छात्राओं एवं नागरिकों ने जल संरक्षण और पारंपरिक जल स्रोतों के संवर्धन का सामूहिक संकल्प लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ माँ भारती के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं पूजन-अर्चन के साथ हुआ। इस अवसर पर नगर परिषद की प्रभारी अध्यक्ष धर्मकला कामराज देशमुख सहित अन्य अतिथियों का स्वागत किया गया। वक्ताओं ने कहा कि कुएँ, बावड़ियाँ और तालाब हमारी सांस्कृतिक धरोहर होने के साथ-साथ जल सुरक्षा के महत्वपूर्ण आधार हैं, जिनके संरक्षण एवं पुनर्जीवन में समाज की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।
विकासखंड समन्वयक सुरेंद्र कुमार भगत ने बताया कि विकासखंड में पिछले तीन माह से बोरी बंधान, सोख्ता गड्ढों के निर्माण तथा गांव-गांव में चौपालों के माध्यम से जल संरक्षण के प्रति जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने “घर का पानी घर में, गांव का पानी गांव में और खेत का पानी खेत में” रोकने का संदेश देते हुए वर्षा जल संचयन अपनाने और जल संरक्षण को जनभागीदारी से सफल बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के समापन पर मुख्य अतिथियों एवं नागरिकों ने बामन नाला तालाब का पूजन कर जल संरक्षण का संकल्प लिया। इसके बाद नगर में जनजागरूकता रैली निकाली गई, जिसमें जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, सीएमसीएलडीपी के छात्र-छात्राओं तथा बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लेकर जल बचाने का संदेश दिया।
बावड़ी उत्सव के माध्यम से लोगों को जल के महत्व तथा पारंपरिक जल संरचनाओं के संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। उपस्थित सभी लोगों ने भविष्य की पीढ़ियों के लिए जल स्रोतों को सुरक्षित रखने और जल संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का संकल्प दोहराया।

