मूकनायक / ऋषिराज
प्रयागराज / उत्तर प्रदेश
प्रयागराज। मेजा विधानसभा क्षेत्र के कुकुरकटवा गांव में हाल ही में गुप्ता समाज के तीन लोगों की हुई निर्मम हत्या की घटना को लेकर आज भीम आर्मी एवं आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) का एक प्रतिनिधिमंडल पीड़ित परिवार से मिला और उन्हें न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया।
इस दौरान आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद ने वीडियो कॉल के माध्यम से पीड़ित परिवार से बातचीत कर घटना की जानकारी ली। उन्होंने परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई तथा पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए पार्टी पूरी मजबूती से संघर्ष करेगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि भीम आर्मी और आजाद समाज पार्टी का पूरा संगठन इस दुख की घड़ी में पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है।
प्रतिनिधिमंडल ने शासन-प्रशासन से मांग की कि पीड़ित परिवार की सभी मांगों को तत्काल पूरा किया जाए, दोषियों के खिलाफ शीघ्र एवं कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा परिवार को सुरक्षा और आर्थिक सहायता प्रदान की जाए।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष दिनेश चौधरी, जिला महासचिव मनीष प्रताप कुरील, चंदन पासी, प्रतीक देव बर्मन, बारा विधानसभा अध्यक्ष लाल महेंद्र चौधरी सहित पार्टी के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

