


लांजी के प्रज्ञा दीप बुद्ध विहार, अंबेडकर चौक में रविवार को बालाघाट जिला बौद्ध संघ 3958 की तहसील शाखा लांजी का पुनर्गठन सर्वसम्मति से सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर बड़ी संख्या में उपासक-उपासिकाएं, सामाजिक कार्यकर्ता एवं धम्मानुयायी उपस्थित रहे।
पुनर्गठन प्रक्रिया के तहत समाजसेवी चंद्रदीप रामटेके को तहसील बौद्ध संघ लांजी का अध्यक्ष निर्वाचित किया गया। वहीं रविन्द्र बांगरे को उपाध्यक्ष, अंजीत भालेकर को महासचिव, दिलीप रामटेके को कोषाध्यक्ष तथा धर्मजीत खोबरागड़े को सहसचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई। प्रकाश मेश्राम एवं सुरेन्द्र वाहने को सदस्य मनोनीत किया गया।
पुनर्गठन प्रक्रिया को जिला बौद्ध संघ 3958 के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एस.आर. उके एवं जिला कोषाध्यक्ष अरुण भालेकर ने मनोनयन अधिकारी के रूप में संपन्न कराया। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष सचिन मेश्राम ने की। उन्होंने संगठन की मजबूती को समाज की मजबूती बताते हुए कहा कि लांजी में हुआ यह पुनर्गठन क्षेत्र में सामाजिक जागरूकता एवं संगठन विस्तार को नई दिशा देगा।
कार्यक्रम का संचालन सर्कल बौद्ध संघ भरवेली के अध्यक्ष डॉ. अशोक डोगरे ने किया। उन्होंने युवाओं एवं महिलाओं की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने तथा धम्म कार्यों के विस्तार पर जोर दिया।
इस अवसर पर मिलिंद भालेकर, प्रदीप भिमटे, इंजीनियर प्रभात डोगरे एवं छबीलाल कोल्हेकर सहित अनेक वरिष्ठ धम्म कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक में वक्ताओं ने तहसील के प्रत्येक ग्राम तक संगठन का विस्तार करने, सर्कल एवं ग्रामीण बौद्ध संघों का गठन करने तथा भगवान बुद्ध, डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर और महास्थविर चंद्रमणी महाथेरो के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाजबंधुओं की सहभागिता रही। अंत में जिला, तहसील, सर्कल एवं ग्रामीण कार्यकारिणी की ओर से नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं प्रेषित की गईं।

