
मूकनायक समाचार | सत्यशील गोंडाने | बालाघाट/वारासिवनी
वारासिवनी। मूलनिवासी संघ तहसील इकाई वारासिवनी की महत्वपूर्ण बैठक रविवार को हिमाचल नगर स्थित मूनि धनराज डोंगरे के निवास पर आयोजित की गई। मूलनिवासी संघ जिला इकाई बालाघाट के निर्देशानुसार आयोजित बैठक में बामसेफ एवं बहुजन समाज से जुड़े कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने भाग लिया। बैठक का मुख्य उद्देश्य सत्र 2026-27 के लिए बामसेफ के विभिन्न ऑफशूट विंगों का गठन तथा संगठन की आगामी कार्ययोजना तैयार करना रहा।



बैठक में महापुरुषों एवं डॉ. भीमराव आंबेडकर के विचारों को स्मरण करते हुए सामाजिक जागरूकता, शिक्षा, संगठन और संघर्ष की आवश्यकता पर बल दिया गया। इस दौरान संगठन विस्तार एवं विभिन्न जिम्मेदारियों के निर्धारण पर चर्चा करते हुए नए पदाधिकारियों को दायित्व सौंपे गए।
मूलनिवासी संघ तहसील अध्यक्ष धनेंद्र चौधरी ने कहा कि बहुजन समाज को सामाजिक, शैक्षणिक एवं आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए संगठित प्रयास आवश्यक हैं। उन्होंने युवाओं से संगठन से जुड़कर सामाजिक परिवर्तन की मुहिम में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
बैठक में शिक्षा, युवाओं की भूमिका, महिलाओं की भागीदारी एवं सामाजिक चुनौतियों पर विचार-विमर्श किया गया। साथ ही निर्णय लिया गया कि वारासिवनी तहसील के गांव-गांव और वार्ड स्तर तक संगठन का विस्तार करते हुए जागरूकता अभियान, बैठकें एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
अंत में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत बनाने, संविधान की रक्षा करने तथा बहुजन समाज की एकता को सुदृढ़ करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन “जय भीम, जय मूलनिवासी, जय संविधान” के नारों के साथ हुआ।

