



बालाघाट। पीपल्स पार्टी ऑफ इंडिया (डेमोक्रेटिक) की युवा इकाई पीपल्स यूथ फ्रंट की जिला कार्यकारिणी का गठन सावित्रीबाई फुले एवं ज्योतिबा फुले भवन, बालाघाट में आयोजित कार्यक्रम के दौरान किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश प्रभारी (यूथ विंग) रूपेश कुमार नागोते मुख्य रूप से उपस्थित रहे। जिला प्रभारी सुरेश जमरे के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में नई जिला कार्यकारिणी का गठन किया गया।
गठन प्रक्रिया के दौरान अश्विन खरे को जिला अध्यक्ष, देवेन्द्र देशमुख एवं दामिनी मर्शकोले को उपाध्यक्ष, आनंद बघेले को महासचिव तथा ओमकार खरे को संगठन सचिव नियुक्त किया गया। वहीं कार्यकारिणी सदस्य के रूप में अंकित कलसा, अरमान तिरपुड़े, महेन्द्र बिसेन, संजय नागेश्वर, नितिन भारद्वाज एवं मौसम चन्द्रिकापुरे को जिम्मेदारी सौंपी गई।
इस अवसर पर प्रदेश प्रभारी रूपेश कुमार नागोते ने नवनियुक्त पदाधिकारियों एवं युवा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मूलनिवासी बहुजन समाज के महापुरुषों के विचारों, उनके संघर्षों तथा सामाजिक न्याय, समता और मानव मुक्ति के उद्देश्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने युवाओं से संगठित होकर शिक्षा, जागरूकता और सामाजिक परिवर्तन की दिशा में कार्य करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि महापुरुषों के विचार आज भी समाज को नई दिशा देने की क्षमता रखते हैं। युवाओं को उनके आदर्शों को आत्मसात कर सामाजिक कुरीतियों, भेदभाव और असमानताओं के विरुद्ध संघर्ष करते हुए व्यवस्था परिवर्तन की मुहिम को मजबूत करना चाहिए।
कार्यक्रम में उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत बनाने, युवाओं को जोड़ने तथा बहुजन समाज के अधिकारों और हितों के लिए सक्रिय रूप से कार्य करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन संगठन की मजबूती एवं सामाजिक जागरूकता के संकल्प के साथ हुआ।

