










बालाघाट। नीट परीक्षा पेपर लीक मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग को लेकर मूलनिवासी संघ जिला इकाई बालाघाट द्वारा शनिवार को रैली निकालकर महामहिम राष्ट्रपति के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा गया। रैली में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने की मांग उठाई।
रैली का नेतृत्व मूलनिवासी संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष बी.एल. पंचे एवं प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक मरार ने किया। रैली के दौरान बालाघाट, वारासिवनी एवं लांजी क्षेत्र से आए छात्र-छात्राओं ने हाथों में तख्तियां लेकर नारेबाजी की तथा नीट पेपर लीक प्रकरण की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग की।
रैली शहर के विभिन्न मार्गों से होकर कलेक्ट्रेट पहुंची, जहां प्रतिनिधिमंडल ने महामहिम राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन कलेक्टर कार्यालय में सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि नीट जैसी महत्वपूर्ण परीक्षा में पेपर लीक की घटनाओं से लाखों मेहनती विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित होता है तथा शिक्षा व्यवस्था पर प्रश्नचिह्न लगते हैं। इसलिए मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
कार्यक्रम में मूलनिवासी संघ जिला अध्यक्ष सोनिया गोंडाने, महासचिव रमेश पंचे, प्रोफेसर एस.डी. तिरपुड़े, अमर मर्शकोले, जितेंद्र सूर्यवंशी, जगदीश नाग, रविन्द्र ऊके, धनेन्द्र रामटेके, अरुणा तिरपुड़े सहित बड़ी संख्या में मूलनिवासी समाज के सदस्य उपस्थित रहे।
वहीं पीपल्स यूथ फ्रंट के प्रदेश प्रभारी रूपेश कुमार नागोते, सिवनी जिला प्रभारी सुरेंद्र उइके सहित अनेक युवा कार्यकर्ताओं ने भी आंदोलन में सहभागिता कर विद्यार्थियों की मांगों का समर्थन किया।
कार्यक्रम के अंत में वक्ताओं ने कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा शिक्षा में पारदर्शिता एवं समान अवसर सुनिश्चित करने के लिए संघर्ष जारी रहेगा।

