Tuesday, September 29, 2026
HomeUncategorizedअवैध रेत भंडारण पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाईभटेरा और खैरी में 2500...

अवैध रेत भंडारण पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाईभटेरा और खैरी में 2500 से अधिक ट्रॉली रेत जब्त, दो ट्रैक्टर-ट्रॉली पर भी कार्रवाई

मूकनायक समाचार
सत्यशील गोंडाने, बालाघाट

जिले में अवैध रेत खनन, परिवहन एवं भंडारण के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 2500 से अधिक ट्रॉली रेत जब्त की है। तहसील बालाघाट अंतर्गत ग्राम भटेरा एवं खैरी में परिवहन विभाग, खनिज विभाग, राजस्व अमला एवं पुलिस की संयुक्त टीम ने छापामार कार्रवाई कर भारी मात्रा में अवैध रूप से भंडारित रेत जब्त की। कार्रवाई के बाद अवैध रेत कारोबारियों में हड़कंप मच गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार लगातार मिल रही शिकायतों के आधार पर प्रशासन ने संयुक्त अभियान चलाया। जांच के दौरान ग्राम खैरी में शासकीय एवं निजी भूमि पर लगभग 862 ट्रॉली रेत अवैध रूप से भंडारित पाई गई। संबंधित व्यक्तियों से रेत भंडारण के वैध दस्तावेज एवं रॉयल्टी संबंधी अभिलेख मांगे गए, लेकिन कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया जा सका। इसके बाद पूरी रेत को जब्त कर ग्राम कोटवार की सुपुर्दगी में सौंप दिया गया।

इसी प्रकार ग्राम भटेरा में शासकीय भूमि पर लगभग 1650 ट्रॉली रेत का अवैध भंडारण पाया गया। प्रशासनिक टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए रेत को जब्त कर लिया तथा निगरानी की जिम्मेदारी ग्राम पंचायत सचिव को सौंपी गई। अधिकारियों के अनुसार अन्य स्थानों पर भी जांच जारी है।

उप संचालक खनिज फरहत जहां ने बताया कि जब्त रेत पर मध्यप्रदेश खनिज (अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण का निवारण) नियम, 2022 के तहत आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

कार्रवाई के दौरान परिवहन विभाग ने बिना नंबर प्लेट संचालित हो रही दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को भी पकड़ा। जांच में परिवहन नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर दोनों वाहनों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई।

अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने नागरिकों से भी अपील की है कि खनिज संबंधी कार्य केवल वैध अनुमति एवं निर्धारित नियमों के तहत ही करें तथा किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना प्रशासन को दें।

प्रशासन की इस कार्रवाई को जिले में अवैध रेत कारोबार के खिलाफ हाल के समय की महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में भी इस कार्रवाई को लेकर चर्चा का माहौल बना हुआ है।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments