Tuesday, September 29, 2026
HomeUncategorizedफुटपाथ निर्माण कार्य अधूरा, 31 मई से शुरू नहीं हो सकेगा आरओबी...

फुटपाथ निर्माण कार्य अधूरा, 31 मई से शुरू नहीं हो सकेगा आरओबी पर यातायातएसडीएम गोपाल सोनी एवं एसडीओ अर्जुन सनोडिया ने किया निरीक्षण

मूकनायक समाचार
सत्यशील गोंडाने, बालाघाट

बालाघाट-गर्रा-वारासिवनी मार्ग पर निर्मित रोड ओव्हर ब्रिज (आरओबी) पर 31 मई से यातायात प्रारंभ होने की संभावना फिलहाल टल गई है। ब्रिज पर फुटपाथ निर्माण का कार्य पूर्ण नहीं होने के कारण यातायात शुरू करने में कुछ और समय लगेगा।

गुरुवार को एसडीएम गोपाल सोनी ने सेतु निर्माण संभाग के एसडीओ अर्जुन सनोडिया के साथ रोड ओव्हर ब्रिज का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि ब्रिज के ऊपरी हिस्से में फुटपाथ निर्माण का कार्य अंतिम चरण में है, जिसे पूरा होने में लगभग दो से तीन दिन का समय लग सकता है।

अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा एवं तकनीकी मानकों को ध्यान में रखते हुए अधूरे कार्य के बीच यातायात प्रारंभ करना उचित नहीं होगा। इसी कारण 31 मई से ब्रिज पर वाहनों की आवाजाही शुरू नहीं की जा सकेगी।

एसडीएम गोपाल सोनी ने निर्माण एजेंसी एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि शेष कार्यों को गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूर्ण किया जाए, ताकि नागरिकों को सुरक्षित एवं सुगम यातायात सुविधा उपलब्ध कराई जा सके। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य लगभग पूर्ण हो चुका है और बचा हुआ कार्य समाप्त होते ही यातायात प्रारंभ करने की नई तिथि घोषित की जाएगी।

एसडीओ अर्जुन सनोडिया ने बताया कि ब्रिज पर सभी सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित किया जा रहा है। फुटपाथ निर्माण पूर्ण होने के बाद अंतिम निरीक्षण किया जाएगा, जिसके उपरांत यातायात शुरू करने की अनुमति दी जाएगी।

उल्लेखनीय है कि रोड ओव्हर ब्रिज के शुरू होने से बालाघाट-गर्रा-वारासिवनी मार्ग पर आवागमन अधिक सुगम होगा तथा रेलवे फाटक पर लगने वाले जाम से लोगों को राहत मिलेगी। लंबे समय से क्षेत्रवासी इस ब्रिज के चालू होने की प्रतीक्षा कर रहे हैं।

प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि निर्माण कार्य पूर्ण होने तक धैर्य बनाए रखें तथा सुरक्षा की दृष्टि से निर्माणाधीन ब्रिज का उपयोग न करें।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments