






शहडोल। ग्राम कोतमा, तहसील सोहागपुर, जिला शहडोल स्थित डी. के. खापर्डे मेमोरियल ट्रस्ट की भूमि पर यशकाई डी. के. खापर्डे जी की 85वीं जयंती के अवसर पर भवन निर्माण हेतु आधारशिला कार्यक्रम गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में मूलनिवासी बी. डी. बोरकर, अध्यक्ष डी. के. खापर्डे मेमोरियल ट्रस्ट के करकमलों द्वारा भवन निर्माण की आधारशिला रखी गई। इस अवसर पर समाज के गणमान्य नागरिकों एवं प्रबंधन समिति के पदाधिकारियों की उपस्थिति रही।

आधारशिला शिलालेख का अनावरण कर भवन निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में महात्मा ज्योतिबा फुले एवं डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों को स्मरण करते हुए सामाजिक एकता, शिक्षा और समाज उत्थान के संकल्प को दोहराया गया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थितजनों ने कहा कि यह भवन आने वाले समय में सामाजिक, शैक्षणिक एवं जनहितकारी गतिविधियों का केंद्र बनेगा तथा समाज के लिए प्रेरणास्रोत सिद्ध होगा।

