

मूकनायक समाचार / सत्यशील गोंडाने / बालाघाट-कटंगी
कटंगी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत जराहमोहगांव के लाखीटोला में बुधवार को एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जहां एक पिता ने अपने दो मासूम बच्चों के साथ कुएं में छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। इस दर्दनाक घटना में पिता सहित दोनों बच्चों की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल व्याप्त है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक श्याम नागेन्द्र (40) निवासी लाखीटोला जराहमोहगांव ने अपने पुत्र वंश नागेन्द्र (5) एवं पुत्री भूरी नागेन्द्र (3) के साथ गांव के एक कुएं में छलांग लगा दी। बुधवार सुबह ग्रामीणों ने कुएं में शव तैरते देखे, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही कटंगी पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की सहायता से तीनों शवों को कुएं से बाहर निकाला गया। मासूम बच्चों के शव देखकर मौके पर मौजूद लोग भावुक हो उठे। गांव की महिलाओं का रो-रोकर बुरा हाल रहा।
घटना के बाद यह जानकारी भी सामने आई कि मृतक ने एक दिन पहले सोशल मीडिया पर भावुक स्टेटस साझा किया था। हालांकि पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है, लेकिन ग्रामीणों के अनुसार मृतक पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव और पारिवारिक परेशानियों से जूझ रहा था।
ग्रामीणों ने बताया कि श्याम नागेन्द्र मेहनत मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता था और सामान्य स्वभाव का व्यक्ति माना जाता था, लेकिन हाल के दिनों में वह काफी परेशान और चिंतित दिखाई देता था।
कटंगी पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा परिजनों एवं ग्रामीणों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मृतक के घर पहुंचे और परिजनों को सांत्वना दी। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान करने की मांग की है।
इस घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है। ग्रामीणों एवं समाजसेवियों ने कहा कि मानसिक तनाव और पारिवारिक समस्याओं से जूझ रहे लोगों को समय रहते सहारा और सहयोग मिलना बेहद आवश्यक है, ताकि इस प्रकार की दुखद घटनाओं को रोका जा सके।

