Thursday, June 11, 2026
HomeUncategorizedअतिथि शिक्षकों ने उठाई नियमितीकरण व मई-जून वेतन की मांगबालाघाट में संघ...

अतिथि शिक्षकों ने उठाई नियमितीकरण व मई-जून वेतन की मांगबालाघाट में संघ की बैठक, आंदोलन तेज करने की चेतावनी

मूकनायक समाचार /सत्यशील गोंडाने
बालाघाट

बालाघाट। प्रदेशभर के अतिथि शिक्षकों की समस्याओं को लेकर बालाघाट में अतिथि शिक्षक संघ की बैठक आयोजित की गई। बैठक में संघ अध्यक्ष पंकज डोगरे ने अतिथि शिक्षकों की आर्थिक स्थिति, अस्थायी नौकरी और नियमितीकरण के मुद्दे उठाते हुए शासन-प्रशासन पर नाराजगी जताई।

बैठक को संबोधित करते हुए पंकज डोगरे ने कहा कि अतिथि शिक्षक वर्षों से स्कूलों में सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन उन्हें अब तक स्थायी नीति और सुरक्षा नहीं मिल पाई है। उन्होंने कहा कि मई-जून की छुट्टियों में वेतन बंद होने से अतिथि शिक्षकों के सामने परिवार चलाने का संकट खड़ा हो जाता है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के कई स्कूल अतिथि शिक्षकों के भरोसे संचालित हो रहे हैं, विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित शिक्षकों की कमी होने पर अतिथि शिक्षक ही शिक्षा व्यवस्था संभाल रहे हैं। इसके बावजूद उन्हें स्थायी कर्मचारी का दर्जा नहीं दिया जा रहा।

बैठक में जिले के विभिन्न विकासखंडों से पहुंचे शिक्षकों ने अपनी समस्याएं रखीं। कई शिक्षकों ने बताया कि वे 10 से 15 वर्षों से लगातार सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन हर वर्ष नई प्रक्रिया और अनिश्चितता का सामना करना पड़ता है।

संघ ने मांग की कि अतिथि शिक्षकों को नियमित शिक्षकों की तरह मई-जून का वेतन दिया जाए तथा लंबे समय से सेवा दे रहे शिक्षकों का अनुभव जोड़कर नियमितीकरण किया जाए। साथ ही भर्ती प्रक्रिया में अनुभवी अतिथि शिक्षकों को प्राथमिकता देने की भी मांग रखी गई।

पंकज डोगरे ने कहा कि चुनाव के समय सरकारें बड़े-बड़े वादे करती हैं, लेकिन बाद में उन्हें भुला दिया जाता है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द मांगों पर निर्णय नहीं लिया गया तो प्रदेशव्यापी आंदोलन किया जाएगा और आवश्यकता पड़ने पर भोपाल में भी बड़ा प्रदर्शन किया जाएगा।

बैठक में कई शिक्षकों ने अपनी आर्थिक परेशानियां साझा करते हुए कहा कि छुट्टियों में वेतन बंद होने से परिवार चलाना मुश्किल हो जाता है। किसी ने कर्ज लेकर घर चलाने की बात कही तो कुछ शिक्षकों ने मजदूरी करने तक की मजबूरी बताई।

अतिथि शिक्षक संघ ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए शिक्षकों की स्थिति मजबूत करना आवश्यक है। बैठक के अंत में सभी शिक्षकों ने एकजुट होकर संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में जिलेभर से बड़ी संख्या में अतिथि शिक्षक उपस्थित रहे।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments