


मूकनायक समाचार / सत्यशील गोंडाने
बालाघाट
वारासिवनी। पंजाब नेशनल बैंक जबलपुर मंडल द्वारा 8 मई को वारासिवनी में मेगा एग्रीकल्चर आउटरीच कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में किसानों, राइस मिल संचालकों, कृषि उद्यमियों एवं स्वयं सहायता समूहों की बड़ी संख्या में सहभागिता रही। आयोजन का उद्देश्य कृषि एवं कृषि आधारित उद्योगों को बैंकिंग सुविधाओं से जोड़ना तथा ग्रामीण क्षेत्रों में वित्तीय जागरूकता बढ़ाना रहा।
कार्यक्रम में पंजाब नेशनल बैंक प्रधान कार्यालय नई दिल्ली से उप महाप्रबंधक जगदीश राय विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आनंद ठाकरे रहे। अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।




अधिकारियों ने बताया कि वारासिवनी क्षेत्र प्रदेश के प्रमुख धान उत्पादक क्षेत्रों में शामिल है तथा यहां लगभग 150 राइस मिल संचालित हैं, जिनमें करीब 125 राइस मिलें कस्टम मिलिंग कार्य में सक्रिय हैं। ऐसे में किसानों एवं उद्योगों तक बैंकिंग सुविधाएं पहुंचाना आवश्यक है।
उप महाप्रबंधक जगदीश राय ने कहा कि पंजाब नेशनल बैंक किसानों एवं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने किसानों से आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने तथा कृषि आधारित उद्योगों को बढ़ावा देने की अपील की।
मंडल प्रमुख प्रबुद्ध शर्मा ने वेयरहाउस फाइनेंसिंग, फूड प्रोसेसिंग यूनिट, फार्म मैकेनाइजेशन, एक्सपोर्ट ग्रोथ, कृषि उपकरण ऋण एवं “PNB श्रेष्ठ” सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि किसानों को आधुनिक तकनीकों एवं संसाधनों से जोड़ना समय की आवश्यकता है।
कार्यक्रम में राइस मिल संचालकों ने कार्यशील पूंजी, मशीनरी वित्त एवं व्यापार विस्तार से संबंधित विषय बैंक अधिकारियों के समक्ष रखे। अधिकारियों ने हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।
मुख्य अतिथि आनंद ठाकरे ने कहा कि बैंक एवं उद्योगों के बीच बेहतर समन्वय से कृषि एवं व्यापार क्षेत्र को नई दिशा मिल सकती है। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में इस प्रकार के आयोजनों को उपयोगी बताया।
कार्यक्रम में स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं ने स्थानीय उत्पादों एवं हस्तनिर्मित वस्तुओं के स्टॉल लगाए, जिन्हें लोगों ने सराहा। बैंक द्वारा स्वयं सहायता समूहों के सदस्यों एवं अन्य लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र भी वितरित किए गए।
इस दौरान किसानों एवं ग्रामीण नागरिकों को डिजिटल बैंकिंग, किसान क्रेडिट कार्ड, बीमा योजनाओं एवं सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। कार्यक्रम के सफल आयोजन में सचिन श्रीवास्तव, अभिषेक तिवारी एवं ऐश्वर्य कुमार बावनकर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
समापन अवसर पर बैंक अधिकारियों ने कहा कि पंजाब नेशनल बैंक कृषि, ग्रामीण विकास एवं वित्तीय समावेशन के क्षेत्र में लगातार कार्य कर रहा है तथा भविष्य में भी किसानों एवं ग्रामीण क्षेत्रों के लिए इसी प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।

