
ट्रैक्टर-डम्पर बैटरी चोरी की वारदातों पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो विधि-विरुद्ध बालक अभिरक्षा में
मूकनायक/ सत्यशील गोंडाने
बालाघाट
बालाघाट। जिले में लगातार बढ़ रही ट्रैक्टर एवं डम्पर वाहनों की बैटरी चोरी की घटनाओं पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सक्रिय गिरोह का पर्दाफाश किया है। थाना ग्रामीण (नवेगांव), लालबर्रा एवं वारासिवनी क्षेत्रों में हुई चोरी की वारदातों का खुलासा करते हुए पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि दो विधि-विरुद्ध बालकों को अभिरक्षा में लिया गया है। आरोपियों के कब्जे से कुल 7 लाख 12 हजार रुपये का मशरूका जब्त किया गया है, जिसमें बैटरियां, डाबर पट्टे एवं एक टवेरा वाहन शामिल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम तमुडीटोला, मगरदर्रा, बोंगाटोला, खोगाटोला, बेलगांव सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में बीते कुछ समय से लगातार ट्रैक्टर एवं डम्पर वाहनों की बैटरियां चोरी होने की घटनाएं सामने आ रही थीं। चोर रात के समय घरों के बाहर या खेतों में खड़े वाहनों को निशाना बनाते थे, जिससे किसानों एवं वाहन मालिकों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा था और क्षेत्र में भय का माहौल बन गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस ने विशेष टीम गठित कर मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। तकनीकी साक्ष्य एवं गोपनीय सूचना के आधार पर संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें आरोपियों ने विभिन्न स्थानों से बैटरी चोरी करना स्वीकार किया।
गिरफ्तार आरोपी:
निलेश खर्रोले (22), निवासी ग्राम बेहरई, थाना लालबर्रा।
(दो विधि-विरुद्ध बालकों को पृथक से अभिरक्षा में लेकर कार्रवाई की जा रही है।)
चोरी का तरीका:
आरोपी पहले दिन या शाम के समय दोपहिया वाहन से गांवों में घूमकर सुनसान स्थानों पर खड़े ट्रैक्टर एवं डम्पर की रेकी करते थे। इसके बाद देर रात पहुंचकर बैटरियां खोलकर चोरी कर लेते थे। चोरी की गई बैटरियों को सफेद रंग की टवेरा वाहन (MH-09-BM-5060) से अन्य स्थानों पर ले जाकर छिपाया जाता था।
जब्त मशरूका:
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से विभिन्न कंपनियों की ट्रैक्टर एवं डम्पर बैटरियां, डाबर पट्टे तथा एक टवेरा वाहन जब्त किया है। कुल जब्त मशरूका की कीमत ₹7,12,000 आंकी गई है।
अन्य वारदातों का खुलासा संभव:
पुलिस गिरफ्तार आरोपी से जिले के अन्य क्षेत्रों में हुई चोरी की घटनाओं के संबंध में पूछताछ कर रही है। संभावना जताई जा रही है कि गिरोह के अन्य सदस्य भी जल्द पकड़े जा सकते हैं।
पुलिस की अपील:
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों को सुरक्षित स्थान पर खड़ा करें और अतिरिक्त सुरक्षा उपाय अपनाएं। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
पुलिस की इस कार्रवाई को चोरी की घटनाओं पर नियंत्रण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इससे क्षेत्र में सुरक्षा का विश्वास बढ़ा है तथा अपराधियों को सख्त संदेश गया है कि कानून से बचना संभव नहीं है।

