Thursday, June 11, 2026
HomeUncategorizedरामपायली थाना क्षेत्र में युवक का संदिग्ध अवस्था में शव मिलने से...

रामपायली थाना क्षेत्र में युवक का संदिग्ध अवस्था में शव मिलने से सनसनी जंगल किनारे नग्न अवस्था में मिला शव, पुलिस जांच में जुटी

मूकनायक समाचार / सत्यशील गोंडाने
बालाघाट

रामपायली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गर्रा-बोडी के जंगल में एक युवक का संदिग्ध अवस्था में शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। युवक का शव जंगल किनारे नग्न अवस्था में पड़ा मिला, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी।

मृतक की पहचान खैरलांजी निवासी तरुण लिल्हारे (23 वर्ष), पिता तोपसिंग लिल्हारे के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि राहगीरों को जंगल किनारे दुर्गंध महसूस होने पर आसपास तलाश करने पर शव दिखाई दिया। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।

सूचना प्राप्त होते ही रामपायली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए शासकीय अस्पताल रामपायली भेज दिया है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक के शरीर पर चोट के निशान पाए गए हैं, जिसके चलते मामला संदिग्ध माना जा रहा है। हालांकि पुलिस ने अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से इंकार किया है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा मृतक के परिजनों से भी जानकारी जुटाई जा रही है। तकनीकी साक्ष्यों एवं मोबाइल कॉल डिटेल के आधार पर भी जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि जहां शव मिला वह क्षेत्र सुनसान एवं जंगल से घिरा हुआ है, जिससे घटना को लेकर कई तरह की चर्चाएं हो रही हैं। ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।

मृतक के परिजनों ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए न्याय की मांग की है। उनका कहना है कि तरुण का किसी से कोई विवाद नहीं था और उसकी मौत कई सवाल खड़े कर रही है।

एसडीओपी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच में जुटी हुई है।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments