Thursday, June 11, 2026
HomeUncategorizedरामपायली मित्र मंडल की नई कार्यकारिणी गठित, रजनीश नकाशे बने अध्यक्ष49 वर्षों...

रामपायली मित्र मंडल की नई कार्यकारिणी गठित, रजनीश नकाशे बने अध्यक्ष49 वर्षों से सामाजिक, सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक क्षेत्र में सक्रिय संस्था ने सर्वसम्मति से किया चयन

मूकनायक समाचार / सत्यशील गोंडाने
बालाघाट

वारासिवनी। क्षेत्र की प्रतिष्ठित सामाजिक एवं शैक्षणिक संस्था “रामपायली मित्र मंडल, रामपायली” की नवीन प्रबंध कार्यकारिणी का गठन आमसभा में सर्वसम्मति से किया गया। लगभग 49 वर्षों से समाज सेवा, शिक्षा एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के क्षेत्र में सक्रिय संस्था ने आगामी वर्षों में सामाजिक और शैक्षणिक गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने का संकल्प लिया है।

आमसभा वरिष्ठ सदस्य ठाकुर नरेंद्र सिंह चौहान की अध्यक्षता में आयोजित हुई, जिसमें बड़ी संख्या में सदस्य उपस्थित रहे। बैठक में दो वर्षीय नई कार्यकारिणी के गठन पर चर्चा के बाद सक्रिय एवं समर्पित सदस्य रजनीश नकाशे को सर्वसम्मति से संस्था का अध्यक्ष चुना गया। अध्यक्ष घोषित होते ही उपस्थित सदस्यों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उनका स्वागत कर शुभकामनाएं दीं।

रामपायली मित्र मंडल लंबे समय से सामाजिक समानता, भाईचारा, सांस्कृतिक संरक्षण तथा शिक्षा के क्षेत्र में कार्य कर रहा है। संस्था द्वारा संचालित भारती हाई स्कूल पिछले लगभग 40 वर्षों से क्षेत्र के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान कर रहा है। विद्यालय का परीक्षा परिणाम लगातार उत्कृष्ट रहा है, जिससे विद्यालय ने क्षेत्र में अपनी विशेष पहचान बनाई है।

नवगठित कार्यकारिणी में अधिवक्ता प्रमेश पाठक को उपाध्यक्ष, अमित सिंह बैस को सचिव, विजय राऊत को सहसचिव, केवल शिवहरे को कोषाध्यक्ष तथा रविशंकर दास वैष्णव को लेखाधिकारी बनाया गया। वहीं शाला व्यवस्थापक की जिम्मेदारी शैलेन्द्र सिंह बैस को सौंपी गई। कार्यकारिणी सदस्य के रूप में संदीप बाघमारे, सुबोध रूसिया, अविनाश कापरे एवं आलोक यादव को शामिल किया गया।

कार्यक्रम में आर.एस. बैस, पूर्व अध्यक्ष राजेंद्र सिंह चौहान, रामकिशोर अग्रवाल, मुकेश तिवारी तथा प्रदीप स्वामी सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने नई कार्यकारिणी को शुभकामनाएं देते हुए संस्था के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

सभा में संस्था की उपलब्धियों एवं भविष्य की योजनाओं पर भी चर्चा हुई। वक्ताओं ने कहा कि रामपायली मित्र मंडल ने हमेशा समाजहित को प्राथमिकता देते हुए सामाजिक जागरूकता, सांस्कृतिक कार्यक्रमों तथा शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए हैं। संस्था द्वारा संचालित भारती हाई स्कूल आज क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए विश्वास का केंद्र बन चुका है।

नवनियुक्त अध्यक्ष रजनीश नकाशे ने कहा कि संस्था अपने सामाजिक एवं सांस्कृतिक मूल्यों को आगे बढ़ाते हुए शिक्षा के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित करने का प्रयास करेगी। उन्होंने बताया कि इस वर्ष विद्यालय की बोर्ड कक्षाओं का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा, जो संस्था एवं शिक्षकों के सामूहिक प्रयास का परिणाम है। आने वाले समय में विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण, अनुशासन एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

सभा में सामाजिक सहयोग, सांस्कृतिक संरक्षण एवं युवाओं को सकारात्मक दिशा देने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करने पर भी सहमति बनी। कार्यक्रम के अंत में सभी पदाधिकारियों का पुष्पमालाओं से स्वागत कर संस्था के उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ सभा का समापन किया गया।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments