

मूकनायक समाचार / बिलासपुर। बिलासपुर जिले के ग्राम लछनपुर, पंचायत पेंडरवा (रतनपुर) निवासी महेश सिंह राज (30 वर्ष) की सिम्स अस्पताल में उपचार के दौरान हुई मृत्यु के मामले को लेकर जिला सर्व आदिवासी समाज बिलासपुर ने गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा है। समाज ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई तथा पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की है।
ज्ञापन में बताया गया कि महेश सिंह राज सड़क दुर्घटना में घायल होने के बाद सिम्स अस्पताल में भर्ती हुए थे। परिजनों के अनुसार ऑपरेशन से पूर्व उनकी स्थिति सामान्य थी तथा वे बातचीत कर रहे थे। आरोप है कि ऑपरेशन के बाद अस्पताल प्रबंधन द्वारा युवक को मृत घोषित कर दिया गया। इस घटना को लेकर परिजनों एवं समाज के पदाधिकारियों ने उपचार प्रक्रिया में संभावित चिकित्सकीय लापरवाही की आशंका जताई है।
जिला सर्व आदिवासी समाज ने प्रशासन से पूरे मामले की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष मेडिकल जांच कराने, संबंधित चिकित्सकों एवं जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका की जांच करने तथा पीड़ित परिवार को उचित सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। समाज ने चेतावनी दी है कि यदि निष्पक्ष जांच कर न्यायोचित कार्रवाई नहीं की गई तो आगामी समय में उग्र आंदोलन किया जाएगा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर ने प्राथमिक स्तर पर मेडिकल जांच टीम गठित करने के निर्देश दिए हैं तथा पीड़ित परिवार को प्रशासनिक सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है।
ज्ञापन सौंपने के दौरान प्रांताध्यक्ष युवा सुभाष सिंह परते, प्रदेश सचिव आयुष सिंह राज, युवराज सिंह प्रधान, चरण सिंह राज, सूरज मरकाम, मनोज मरावी, राजेंद्र पोर्ते, अविनाश ध्रुव, भागीरथी ध्रुव, परदेशी राज, शुभम मरावी, बसंत प्रधान, सहदेव राज, अभिषेक प्रधान, भंजन सिंह, ओम प्रकाश मरकाम, जितेंद्र शर्मा, कौशल श्रीवास्तव, पटालु सूर्यवंशी सहित बड़ी संख्या में समाज के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं सदस्य उपस्थित रहे।


