

मूकनायक/ बालाघाट
बालाघाट। जिला मुख्यालय स्थित प्रेरणा बुद्ध विहार में ‘बालाघाट जिला बौद्ध संघ’ (पंजीयन क्रमांक JB/3958) की नई जिला कार्यकारिणी का निर्वाचन गरिमामय एवं अनुशासित वातावरण में संपन्न हुआ। मुख्य निर्वाचन अधिकारी आयुष्मान भाऊदास चौहान एवं सहायक निर्वाचन अधिकारी आयुष्मान एच.आर. रानाडे की देखरेख में पूरी प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से संपन्न हुई, जिसमें सर्वसम्मति से कार्यकारिणी का निर्विरोध गठन किया गया।
निर्वाचन परिणामों के अनुसार आयु. सचिन मेश्राम को पुनः जिला अध्यक्ष चुना गया। उनके नेतृत्व पर विश्वास जताते हुए संगठन ने एक बार फिर उन्हें जिम्मेदारी सौंपी। अन्य पदाधिकारियों में वरिष्ठ उपाध्यक्ष आयु. एस.आर. उके, कनिष्ठ उपाध्यक्ष आयुष्मती गीता नकासे, महासचिव आयु. दीपंकर पाटिल, वरिष्ठ सहसचिव आयु. सत्यशील भीमटे, कनिष्ठ सहसचिव आयुष्मती चंद्रकला टेंभुर्ने एवं कोषाध्यक्ष आयु. अरुण भालेकर को नियुक्त किया गया।
संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने के उद्देश्य से विभिन्न तहसीलों में संगठकों की नियुक्ति भी की गई है। इनमें अनिरुद्ध गजभिए (बालाघाट), संगीता उके (बिरसा), जगत मेश्राम (कटंगी), एच.आर. रानाडे (खैरलांजी), जी.आर. डोंगरे (वारासिवनी), अंजीत भालेकर (लांजी), रमेश भालाधरे (किरनापुर), दिमाक उके (परसवाड़ा), महेश धारकर (बैहर), किशोर उके (तिरोड़ी), मदन बोरकर (लामता) एवं देवानंद बोरकर (लालबर्रा) शामिल हैं। मार्गदर्शक एवं संरक्षक मंडल में भाऊदास चौहान, वाय.आर. ठवरे, सुलोचना चौहान एवं आर.सी. नागदेवे को स्थान दिया गया, जबकि जे.एस. चौरे को संरक्षक नियुक्त किया गया।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष सचिन मेश्राम ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शीघ्र ही कार्यकारिणी का विस्तार कर तहसील एवं सर्कल स्तर पर शाखाओं का गठन किया जाएगा, जिसके बाद भव्य शपथ ग्रहण समारोह आयोजित होगा। उन्होंने समाज के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में सदस्य बनकर संगठन को सशक्त करने की अपील की।
गौरतलब है कि वर्ष 1974 में समाज सुधारक नत्थूलाल खोबरागड़े द्वारा स्थापित यह संस्था पिछले पांच दशकों से तथागत बुद्ध और डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों के प्रचार-प्रसार के साथ सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। धम्म संस्कारों के प्रसार के साथ-साथ सामाजिक एवं पारिवारिक विवादों के समाधान में भी संस्था का उल्लेखनीय योगदान रहा है।
कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में उपस्थित उपासक-उपासिकाओं ने नई कार्यकारिणी को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि नवनियुक्त पदाधिकारी समाज हित में सक्रिय भूमिका निभाते हुए संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे।

