मूकनायक न्यूज/सुमेरपुर/पाली/राजस्थान।
सुमेरपुर। मंगलवार को अनुसूचित जाति व जनजाति समाज के विभिन्न संगठनों के संयुक्त तत्वावधान में विश्व रत्न बोधिसत्व बाबा साहेब डॉ. बी.आर. अंबेडकर की 135वीं जयंती एवं राष्ट्रपिता ज्योतिबा फुले जयंती समारोह संयुक्त रूप से हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस दौरान आयोजित विशाल वाहन रैली ने एकता और उत्साह का अभूतपूर्व उदाहरण पेश किया। कार्यक्रम की शुरुआत पुलिस थाना शिवगंज के सामने से हुई, जहाँ बौद्ध धम्म के भंते अश्वजीत एवं उदयपुर की सुप्रसिद्ध बहुजन लेखिका डॉ. कुसुम मेघवाल ने नीली झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। रैली शिवगंज बस स्टैंड से होते हुए बाबा साहेब सर्कल पहुँची, जहाँ बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। इसके पश्चात रैली पोस्ट ऑफिस मार्ग से होकर गोकुल वाडी पहुँची, जहाँ ज्योतिबा फुले की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया गया।
रैली का आकर्षण इतना भव्य था कि नगर के विभिन्न स्थानों पर 36 कौम के लोगों द्वारा पुष्प वर्षा कर गर्मजोशी से स्वागत किया गया। रैली में सजे-धजे रथ, डीजे की धुन, ट्रैक्टर, गाड़ियाँ और सैकड़ों दुपहिया वाहनों का लंबा काफिला शामिल था। ढोल-नगाड़ों की थाप पर नाचते-गाते युवाओं और समाज के लोगों की भारी तादाद ने पूरे मार्ग को ‘जय भीम’ के नारों से गुंजायमान कर दिया।
शिवगंज के विभिन्न मार्गों से होते हुए रैली रिवर फ्रंट के रास्ते सुमेरपुर नगर में प्रविष्ट हुई। रैली का समापन सुमेरपुर बस स्टैंड के समीप सीनप तालाब स्थित भीम बुद्ध विहार पर हुआ, जहाँ एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया। इस विशाल आयोजन को सफल बनाने में हजारीमल बौद्ध, तिलोक दास, सामाजिक कार्यकर्ता प्रताप पारंगी चांदाणा, सुरेश कानपुरा, अंबालाल बागसीन, दीपक चावरिया, एडवोकेट मेघसूर्या अंबेडकर, विजय चांवरिया, शंकर जाना, मेघ छगन, शिवाजी राजे गौतम,जसवंत भारद्वाज, कैलाश दमामी, कमलेश बाकली, चतराराम,हिराराम राठौड़, फूटरमल बिरामी, फुलाराम गहलोत, महेन्द्र सोनल, हीरालाल गोडाना, मुकेश भटनागर सहित समाज के अनेक गणमान्य नागरिकों का विशेष सहयोग रहा।

