Thursday, February 26, 2026
Homeदेशबालाघाट दिनांक 26 जनवरी 2023 जिले में धूमधाम से मनाया गया गणतंत्र...

बालाघाट दिनांक 26 जनवरी 2023 जिले में धूमधाम से मनाया गया गणतंत्र दिवस समारोह आयुष मंत्री श्री कावरे ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली

प्रति वर्षानुसार इस वर्ष भी जिले में 26 जनवरी 2023 को गणतंत्र दिवस समारोह धूमधाम से हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। जिला मुख्यालय बालाघाट के पुलिस लाईन में आयोजित मुख्य समारोह में मध्यप्रदेश शासन के आयुष एवं जल संसाधन राज्यमंत्री श्री रामकिशोर नानो कावरे ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली। इस अवसर पर विभिन्न विभागों द्वारा शासकीय योजनाओं व उपलब्धियों पर आधारित झांकियां भी निकाली गई। इस अवसर पर शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शासकीय सेवकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में मध्यप्रदेश शासन के पिछड़ा वर्ग कल्याण आयोग के अध्यक्ष श्री गौरीशंकर बिसेन, जिला पंचायत के अध्यक्ष श्री सम्राट सिंह सरस्वार, नगर पालिका बालाघाट की अध्यक्ष श्रीमती भारती सुरजीत सिंह ठाकुर, जनपद पंचायत बालाघाट के अध्यक्ष श्री फूलचंद सहारे, उपाध्यक्ष डॉ शंकरलाल बिसेन, पूर्व विधायक श्री रमेश भटेरे, बालाघाट रेंज के पुलिस महानिदेशक श्री संजय सिंह, उप महानिरीक्षक श्री अनुराग शर्मा, कलेक्टर डॉ गिरीश कुमार मिश्रा, पुलिस अधीक्षक श्री समीर सौरभ, जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री दिनेश चन्द्र थपलीयाल, अपर कलेक्टर श्री शिवगोविंद मरकाम, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री विवेक कुमार, श्री राजकुमार रायजादा, श्रीमती मौसम हरिनखेड़े, अन्य गणमान्य नागरिक, विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं पत्रकार उपस्थित थे।
गणतंत्र दिवस के अवसर पर जिले के समस्त शासकीय कार्यालयों, विद्यालयों एवं सार्वजनिक स्थलों पर प्रात: तिरंगा झंडा फहराया गया तथा राष्ट्रगान जन-गण-मन का गायन किया गया। जिला मुख्यालय में मुख्य समारोह पुलिस लाईन ग्राउंड में आयोजित किया गया था। इस समारोह में सर्वप्रथम मुख्य अतिथि आयुष मंत्री श्री रामकिशोर “नानो” कावरे ने तिरंगा झंडा फहराया और मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान का प्रदेश की जनता के नाम दिया गया संदेश पढ़कर सुनाया। इसके पश्चात आसमान में शांति के प्रतीक गुब्बारे छोड़े गये । मुख्य अतिथि मंत्री श्री कावरे ने लोकतंत्र सेनानियों के परिजनों का शाल एवं श्रीफल से सम्मान किया। इसके पश्चात मुख्य अतिथि मंत्री श्री कावरे ने परेड की सलामी ली। परेड कमांडर श्री नितेश वाईकर के नेतृत्व में हाक फोर्स, केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल, जिला पुलिस बल, होमगार्ड के जवानों, एनसीसी के केडेट्स एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के छात्रों द्वारा शानदार मार्चपास्ट किया गया और तिरंगे झंडे को सलामी दी गई। कार्यक्रम में पुलिस के जवानों द्वारा हर्ष फायर किये गये। इसके पश्चात स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम पुस्तुत किये गये।
मुख्य समारोह में खेल विभाग द्वारा बालाघाट जिले में 01 से 10 फरवरी तक होने वाली खेलो इंडिया यूथ गेम्स प्रतियोगिता के जागरूकता के लिए, जनजातिय कार्य विभाग द्वारा आदिवासी क्षेत्र की शालाओं में आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल से स्मार्ट क्लास द्वारा पढ़ाई, जिला पंचायत द्वारा आदिवासी विकासखंड में लागू किये गये पेसा एक्ट, कृषि विभाग द्वारा अंतर्राष्ट्रीय मिलेट वर्ष 2023 के अंतर्गत ग्लूटेन मुक्त अनाज के उपयोग को प्रोत्साहन देने, वन विभाग द्वारा तेंदूपत्ता संग्रहण एवं उससे होने वाली आय व मिल रहे रोजगार, नगर पालिका बालाघाट द्वारा स्वच्छता एवं सारस संरक्षण, जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक द्वारा किसानों को दी जा रही बैंकिंग सेवायें, मत्स्योद्योग विभाग द्वारा निषादराज योजना एवं फिश पार्लर से मछुआरों को मिल रहे रोजगार, स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयुष्मान भारत योजना, क्षय नियंत्रण कार्यक्रम एवं अन्य स्वास्थ्य कार्यक्रमों पर आधारित, सीएम राईस स्कूल बालाघाट द्वारा शिक्षा की नई व्यवस्था, जिला शिक्षा केन्द्र द्वारा स्कूलों में बच्चों की शिक्षा के लिए दी जा रही सुविधाओं, महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा लाड़ली लक्ष्मी-2.0, जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र द्वारा जिले में एथेनाल प्लाटं से मिलने वाले रोजगार, पशुपालन विभाग द्वारा सेक्स सार्टेड सीमन से कृत्रिम गर्भाधान द्वारा मादा बछिया के जनन, पुलिस के नक्सल सेल द्वारा नक्सल क्षेत्र में तैनात 16 टन वजनी एंटी माईन व्हीकल एवं यातायात विभाग द्वारा सुरक्षित यातायात पर आधारित आकर्षक झांकियां निकाली गई।
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के उत्कृष्ट कार्य करने वाले शासकीय सेवकों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में शानदार मार्च पास्ट के लिए जुनियर वर्ग में राष्ट्रीय सेवा योजना एनएसएस को प्रथम, एमएलबी के स्काउट गाइड को द्वितीय एवं पीजी कालेज के एनसीसी को तृतीय पुरूस्कार दिया गया। सीनियर वर्ग में हाक फोर्स को प्रथम, 123वीं बटालियन सीआरपीएफ भरवेली को द्वितीय एवं 36-भारत रक्षित वाहिनी कनकी के जवानों को तृतीय पुरूस्कार दिया गया। झांकियों में जनजातीय कार्य विभाग की झांकी को प्रथम, कृषि विभाग की झांकी को द्वितीय व मत्स्योद्योग विभाग की झांकी को तृतीय पुरूस्कार दिया गया। गणतंत्र दिवस के अवसर पर शासकीय भवनों पर रात्री में की जाने वाली रोशनी के लिए कलेक्ट्रेट कार्यालय को प्रथम, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को द्वितीय एवं जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक को तृतीय पुरूस्कार प्रदान किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए वीरांगना रानी दुर्गावती सीएम राईस स्कूल बालाघाट को प्रथम, शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय बालाघाट को द्वितीय एवं एमएलबी स्कूल बालाघाट को तृतीय पुरूस्कार प्रदान किया गया।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments