Friday, April 17, 2026
Homeराजस्थानरैगर समाज धर्मशाला में अम्बेडकर जयंती की तैयारी बैठक का हुआ आयोजन

रैगर समाज धर्मशाला में अम्बेडकर जयंती की तैयारी बैठक का हुआ आयोजन

समारोह की समस्त तैयारियों का लिया जायजा, चार दिवसीय कार्यक्रम को भव्य बनाने पर जोर
सांचौर, 07 अप्रैल 2026
अम्बेडकर सेवा समिति सांचौर द्वारा आगामी 14 अप्रैल 2026 को भारत रत्न, संविधान निर्माता एवं सामाजिक न्याय के महानायक बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती को भव्य एवं ऐतिहासिक रूप से मनाने के उद्देश्य से रैगर समाज धर्मशाला, सांचौर में एक महत्वपूर्ण तैयारी बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता समिति अध्यक्ष नरेश पातलिया ने की।
बैठक में जयंती समारोह को सफल बनाने हेतु व्यापक स्तर पर विचार-विमर्श किया गया तथा कार्यक्रम की रूपरेखा को अंतिम रूप देने की दिशा में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। समिति के महासचिव कानाराम पारीक ने बताया कि इस वर्ष अम्बेडकर जयंती को चार दिवसीय कार्यक्रम के रूप में आयोजित किया जाएगा, जिसमें सामाजिक, शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का समावेश रहेगा।
कार्यक्रम के अंतर्गत भव्य वाहन रैली, मुख्य समारोह, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, जागरूकता अभियान एवं विभिन्न रचनात्मक प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। प्रतियोगिताओं के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया प्रारंभ करने एवं युवाओं की अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया। साथ ही, कार्यक्रम के प्रचार-प्रसार के लिए पोस्टर, बैनर एवं सोशल मीडिया का सहारा लेने की रणनीति बनाई गई।
बैठक के दौरान मुख्य अतिथियों एवं विशिष्ट मेहमानों को आमंत्रित करने, भामाशाहों से सहयोग प्राप्त करने, कार्यक्रम स्थल की व्यवस्थाएं, मंच सज्जा, पेयजल, यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था, निमंत्रण पत्रों के मुद्रण तथा वितरण जैसे विषयों पर भी विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। सभी सदस्यों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपते हुए समयबद्ध रूप से कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
अध्यक्ष नरेश पातलिया ने कहा कि बाबा साहब डॉ. अंबेडकर ने भारतीय समाज को समानता, स्वतंत्रता और बंधुत्व का अमूल्य संदेश दिया। उन्होंने सभी समाज बंधुओं से आह्वान किया कि वे इस जयंती को एकता और भाईचारे के साथ मनाएं तथा बाबा साहब के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लें।
बैठक के दौरान शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का भी सम्मान किया गया। बारहवीं बोर्ड परीक्षा के विज्ञान वर्ग में श्रेष्ठ परिणाम प्राप्त करने वाले राहुल सुवासिया, भावेश गोसाई एवं यश कुमार गोसाई का माला एवं साफा पहनाकर अभिनंदन किया गया। उपस्थित जनों ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर पूर्व अध्यक्ष नेमीचंद खोरवाल, पूर्व चेयरमैन प्रतिनिधि बंशीलाल खोरवाल, पार्षद दिलीप खोरवाल, पूर्व अध्यक्ष केवलाराम परमार, पार्षद प्रतिनिधि खेमाराम बंशीवाल, प्रकाशचंद्र जीनगर, सावलाराम जयपाल, प्रवक्ता शंकरलाल गवारिया, कालूराम सुवासिया, सुजानाराम, गंगाराम, कैलाश गोसाई, संजय कालमा, वेरसीलाल, जगदीश खोरवाल, केवाराम, कुंभाराम बंशीवाल, हकमाराम, पूंजाराम, प्रतापराम बंशीवाल, प्रकाश गोसाईं, मोहन, कुंभाराम, महेंद्र सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं समाज बंधु उपस्थित रहे।
अंत में समिति द्वारा सभी सदस्यों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सामूहिक सहयोग की अपील की गई।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments