Tuesday, September 29, 2026
Homeराजस्थानसांचौर हॉस्पिटल में आयोजित शिविर में मातृ शक्ति का प्रेरणादायक रक्तदान

सांचौर हॉस्पिटल में आयोजित शिविर में मातृ शक्ति का प्रेरणादायक रक्तदान

📰 मूकनायक जिला ब्यूरो चीफ रिडमल राम परमार
सांचौर, 7 अप्रैल – सांचौर हॉस्पिटल, सांचौर में आयोजित रक्तदान शिविर में मानव सेवा का एक प्रेरणादायक उदाहरण सामने आया। मेघवाल युवा ब्लड ग्रुप से जुड़ी मातृ शक्ति श्रीमती प्रेमलता, पत्नी श्री बेचरा राम पातलिया, निवासी प्रतापपुरा (सांचौर) ने पहली बार रक्तदान कर समाज में एक सराहनीय मिसाल पेश की।
शिविर के दौरान प्रेमलता ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया। उनके इस कदम ने वहां उपस्थित लोगों, विशेषकर महिलाओं को प्रेरित किया। ग्रामीण क्षेत्रों में जहां रक्तदान को लेकर कई तरह की भ्रांतियां और संकोच देखे जाते हैं, वहीं उन्होंने इन धारणाओं को तोड़ते हुए जागरूकता और साहस का परिचय दिया।
इस अवसर पर मेघवाल युवा ब्लड ग्रुप के मूलाराम वाघेला ने बताया कि संस्था का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध करवाना और समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता फैलाना है। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविरों के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को इस पुनीत कार्य से जोड़ा जा रहा है।
प्रेमलता ने बताया कि रक्तदान एक सुरक्षित प्रक्रिया है और इससे किसी भी स्वस्थ व्यक्ति को कोई नुकसान नहीं होता। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से इस सेवा कार्य में भाग लेने की अपील की।
स्थानीय नागरिकों एवं समाज के प्रबुद्धजनों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रेरणादायक कार्य समाज में सकारात्मक बदलाव लाते हैं और दूसरों को भी आगे आने के लिए प्रेरित करते हैं।
👉 “रक्तदान – महादान” के संदेश को साकार करते हुए यह आयोजन समाज में सेवा, सहयोग और मानवता की भावना को मजबूत कर रहा है।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments