देश राज मस्ताना प्रभारी किन्नौर | ननखरी क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव गड़ासू के ग्रामीणों ने रडेना से गड़ासू तक प्रस्तावित विद्युत HT लाइन निर्माण कार्य को लेकर 31 मार्च 2026 को अधीक्षण अभियंता से मुलाकात की। शिष्टमंडल ने क्षेत्र में लगातार बिजली बाधित रहने की गंभीर समस्या को प्रमुखता से उठाया।
ग्रामीणों ने बताया कि वे वर्ष 2020 से लगातार इस समस्या के समाधान के लिए विभागीय कार्यालयों के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन अब तक न तो कोई ठोस कार्य हुआ है और न ही संतोषजनक सुनवाई। वर्तमान में गड़ासू क्षेत्र की HT लाइन ननखरी से जंगल और ऊंचाई वाले दुर्गम रास्तों से होकर गुजरती है, जिसके कारण बार-बार बिजली बाधित होती रहती है।
शिष्टमंडल ने बताया कि जंगल क्षेत्र और ऊंचाई के कारण विशेषकर सर्दियों में स्थिति और भी खराब हो जाती है, जहां कई बार गांवों को 2 से 3 सप्ताह तक अंधेरे में रहना पड़ता है। वहीं, ग्रामीणों ने यह भी बताया कि नीचे की ओर लगभग 800 मीटर दूरी पर पहले से HT लाइन उपलब्ध है, जिससे यदि गड़ासू के ट्रांसफार्मर को जोड़ा जाए तो 7 से 8 ट्रांसफार्मर आसानी से संचालित किए जा सकते हैं और समस्या का स्थायी समाधान संभव है।
अधीक्षण अभियंता ने शिष्टमंडल की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों से इस विषय में विस्तृत रिपोर्ट तलब की। साथ ही उन्होंने 25 अप्रैल 2026 तक स्थल निरीक्षण करने और कार्य का ब्लू प्रिंट तैयार करने के निर्देश भी जारी किए।
जिससे अब ग्रामीणों को उम्मीद है कि इस बार उनकी समस्या का स्थायी समाधान होगा और उन्हें बार-बार बिजली कटौती से राहत मिलेगी।

