Thursday, June 11, 2026
HomeUncategorizedभेंडारा में साप्ताहिक बैठकी एवं मवेशी बाजार का शुभारंभ, ग्रामीणों में उत्साह

भेंडारा में साप्ताहिक बैठकी एवं मवेशी बाजार का शुभारंभ, ग्रामीणों में उत्साह

बड़ादेव पूजा के साथ रानी अवंती बाई चौक (उदयी टोला) में भव्य लोकार्पण सम्पन्न

मूकनायक समाचार / सत्यशील गोंडाने

भेंडारा / जनपद पंचायत खैरलांजी, बालाघाट। ग्राम पंचायत भेंडारा में साप्ताहिक बैठकी एवं मवेशी बाजार का शुभारंभ रानी अवंती बाई चौक (उदयी टोला) में हर्षोल्लास के साथ किया गया। लंबे समय से प्रतीक्षित इस बाजार के प्रारंभ होने पर ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम की शुरुआत परंपरागत बड़ादेव पूजा-अर्चना के साथ हुई, जिसके पश्चात विधिवत लोकार्पण किया गया।

कार्यक्रम में सरपंच प्रफुल्ल नगपुरे, सचिव भूषण पाडे एवं उपसरपंच राजेंद्र सिंह बैस की उपस्थिति में आयोजन सम्पन्न हुआ। इस दौरान ग्राम के अनेक गणमान्य नागरिकों एवं वरिष्ठजनों की उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि साप्ताहिक बाजार की शुरुआत से ग्रामीणों को अब सब्जी, अनाज एवं मवेशियों की खरीद-फरोख्त के लिए दूर-दराज के बाजारों में नहीं जाना पड़ेगा। इससे समय और धन दोनों की बचत होगी। साथ ही स्थानीय किसानों, व्यापारियों एवं पशुपालकों को अपने उत्पाद सीधे बेचने का अवसर मिलेगा, जिससे उन्हें उचित मूल्य प्राप्त होगा और बिचौलियों पर निर्भरता कम होगी।

उपसरपंच राजेंद्र सिंह बैस ने कहा कि यह बाजार केवल व्यापार का केंद्र नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता और आपसी संवाद का भी माध्यम बनेगा। वहीं सचिव भूषण पाडे ने जानकारी दी कि पंचायत द्वारा साफ-सफाई, पेयजल, यातायात एवं सुरक्षा के पर्याप्त प्रबंध किए गए हैं।

कार्यक्रम में पूर्व अध्यक्ष सेवा सहकारी समिति नत्थुलाल अटराहे, पंच शिवचरण पुसाम, पूर्व उपसरपंच सुरजलाल नगपुरे, पूर्व पंच भीम उके, सुखराम अटराहे, राजेंद्र प्रसाद चिल्ले सहित अनेक ग्रामीणजन उपस्थित रहे। सभी ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे ग्राम विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

उद्घाटन के दिन बाजार में विभिन्न दुकानों के साथ मवेशी बाजार में भी अच्छी खासी चहल-पहल देखने को मिली। पंचायत ने जानकारी दी कि यह बाजार प्रत्येक सप्ताह निर्धारित दिन पर आयोजित किया जाएगा, जिससे आसपास के गांवों के लोग भी लाभान्वित हो सकेंगे।

अंत में पंचायत प्रतिनिधियों ने अधिक से अधिक ग्रामीणों एवं व्यापारियों से बाजार में भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह बाजार भविष्य में क्षेत्र का प्रमुख व्यापारिक केंद्र बनकर उभरेगा और ग्रामीणों के आर्थिक सशक्तिकरण में अहम भूमिका निभाएगा।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments