उचित मूल्य की दूकान (डिपो ) ना होने से आई दिक्क़त |
देश राज किन्नौर | ग्राम पंचायत शोली के अंतर्गत आने वाले ग्राम खनोग, रडेणा, गड़ासू, कटार बड़ेर तथा लंबीधार के लगभग 150 उपभोक्ताओं की राशन वितरण संबंधी समस्या को लेकर गत दिनों ग्राम रडेणा में एक आम सभा का आयोजन किया गया। इस सभा की अध्यक्षता वासी राम शर्मा द्वारा की गई, जिसमें क्षेत्र के अनेक ग्रामवासी उपस्थित रहे।
सभा में उपस्थित लोगों ने बताया कि वर्ष 2024–25 तक रडेणा में ही उचित मूल्य की दुकान के माध्यम से राशन वितरण किया जा रहा था, जिससे लोगों को सुविधा मिल रही थी। किन्तु दिसंबर 2025 में यह व्यवस्था अचानक बंद कर दी गई, जिससे आम जनता को लगभग 5 से 7 किलोमीटर दूर शोली जाकर राशन प्राप्त करने में कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। विशेष रूप से बुजुर्ग एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए यह स्थिति अत्यंत परेशानीपूर्ण है।
समस्या को देखते हुए गाँववासियों ने एक आम सभा कर बैठक कर इस विषय पर विस्तृत विचार-विमर्श के पश्चात सभा में सर्वसम्मति से तीन महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए गए। प्रथम,150 उपभोक्ताओं का राशन कोटा उचित मूल्य की दुकान शोली से अलग किया जाए। द्वितीय, रडेणा में लोगों की समस्या को देखते हुए अतिशीघ्र राशन का डिपु राशन वितरण केंद्र स्थापित किया जाए। तृतीय, संबंधित विभाग द्वारा राशन वितरण प्रणाली को नियमित,पारदर्शी एवं समयबद्ध बनाया जाए।
इस अवसर पर उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों में ज्वाला दास, बासी राम शर्मा, कैलाश, मोहन चौहान, ज्योति प्रकाश, राम प्रकाश, रुमाल सिंह, देवेंद्र सिंह, संदीप कुमार, देश राज मस्ताना सहित अन्य अनेक सम्मानित व्यक्ति उपस्थित रहे।
सभा के अंत में यह निर्णय लिया गया कि उक्त प्रस्तावों के आधार पर संबन्धित प्रशासनिक अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर समस्या के शीघ्र समाधान की मांग की जाएगी।
समस्त ग्रामवासियों ने प्रशासन से अनुरोध किया है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए शीघ्र आवश्यक कार्रवाई की जाए, ताकि क्षेत्र के लोगों को राहत मिल सके।

