मूकनायक जिला ब्यूरो चीफ रिडमल परमार
सांचौर – आज़ाद समाज पार्टी (कांशीराम) ने संगठन विस्तार और जमीनी स्तर पर अपनी पकड़ मजबूत करने के उद्देश्य से एक अहम निर्णय लेते हुए सांचौर ब्लॉक अध्यक्ष पद पर रूगनाथ राम की नियुक्ति की है। इस नियुक्ति के साथ ही क्षेत्रीय राजनीति में हलचल तेज हो गई है और पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है।
नियुक्ति की घोषणा होते ही पार्टी के स्थानीय कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और समर्थकों ने रूगनाथ राम को बधाइयों का सिलसिला शुरू कर दिया। कई कार्यकर्ताओं ने इसे संगठन के लिए सकारात्मक और दूरदर्शी कदम बताया।
नवनियुक्त ब्लॉक अध्यक्ष रूगनाथ राम ने पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे इस जिम्मेदारी को पूरी ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ निभाएंगे। उन्होंने कहा कि उनका मुख्य लक्ष्य पार्टी की विचारधारा को गांव-गांव और हर वर्ग तक पहुंचाना है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि वे संगठन को मजबूत बनाने के लिए दिन-रात मेहनत करेंगे और युवाओं तथा समाज के हर वर्ग को पार्टी से जोड़ने का कार्य करेंगे।
रूगनाथ राम ने आगे कहा कि वे चंद्रशेखर आजाद के नेतृत्व में पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाकर सांचौर क्षेत्र में पार्टी को एक मजबूत विकल्प के रूप में स्थापित करने का प्रयास करेंगे। उन्होंने सामाजिक न्याय, समानता और वंचित वर्गों के अधिकारों की लड़ाई को प्राथमिकता देने की बात भी कही।
पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने कहा कि रूगनाथ राम एक सक्रिय, जुझारू और समाजसेवी व्यक्तित्व के धनी हैं, जिनकी क्षेत्र में अच्छी पकड़ है। उनके नेतृत्व में संगठन को नई दिशा और ऊर्जा मिलेगी। कार्यकर्ताओं ने भरोसा जताया कि आने वाले समय में आज़ाद समाज पार्टी सांचौर में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराएगी।
स्थानीय स्तर पर यह नियुक्ति राजनीतिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है, क्योंकि इससे पार्टी को ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में मजबूती मिलने की उम्मीद है। साथ ही आगामी चुनावों को देखते हुए संगठन को मजबूत करना पार्टी की रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है।

