बाबा साहेब डॉ. आंबेडकर को किया नमन, संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कर दिया सामाजिक समरसता का संदेश

संवाददाता – मनीषा खोबरागड़े दुर्ग संभाग प्रभारी, छत्तीसगढ़
राजनांदगांव। संविधान दिवस के अवसर पर बौद्ध कल्याण समिति, राजनांदगांव के तत्वावधान में शहर में विशाल बाइक रैली निकाली गई। संवैधानिक जागरूकता, समानता, स्वतंत्रता, बंधुत्व एवं लोकतांत्रिक मूल्यों का संदेश देने वाली इस रैली में हजारों युवाओं, महिलाओं, युवतियों और विभिन्न वार्डों के नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
रैली का शुभारंभ सिविल लाइन भवन से हुआ। इसके बाद रैली अंबेडकर चौक, गौतम बुद्ध नगर, मोतीपुर, रामनगर, शंकर नगर, शांति नगर, शिव नगर, चिखली, स्टेशन पारा, गौरी नगर, राहुल नगर, संजय नगर एवं भरकापारा सहित शहर के विभिन्न क्षेत्रों से होकर गुजरी। रास्ते में विभिन्न वार्डों के नागरिक भी रैली से जुड़ते गए, जिससे रैली का कारवां लगातार विस्तृत होता गया।
बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर दी श्रद्धांजलि
रैली का समापन कलेक्ट्रेट परिसर स्थित भारत रत्न डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर की प्रतिमा स्थल पर हुआ। यहां उपस्थित लोगों ने बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद त्रिशरण एवं पंचशील ग्रहण किया गया तथा भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया गया।
संविधान अधिकारों के साथ कर्तव्यों का भी कराता है बोध : दीपांकर खोबरागड़े
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बौद्ध कल्याण समिति के अध्यक्ष दीपांकर खोबरागड़े ने कहा कि भारतीय संविधान 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा द्वारा अंगीकृत किया गया था। इसके निर्माण में डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर की अध्यक्षता वाली प्रारूप समिति की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने कहा कि संविधान दिवस हमें अपने संवैधानिक अधिकारों, कर्तव्यों और लोकतांत्रिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक होने का अवसर प्रदान करता है।
उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता और न्याय के अधिकार प्रदान करता है। साथ ही नागरिकों से संवैधानिक मूल्यों का सम्मान करने तथा अपने आचरण में समता, बंधुत्व और सामाजिक न्याय को अपनाने की अपेक्षा करता है।
सामाजिक एकता और संवैधानिक जागरूकता का दिया संदेश
संविधान दिवस पर आयोजित इस विशाल बाइक रैली के माध्यम से राजनांदगांव में सामाजिक एकता, आपसी भाईचारे और संवैधानिक जागरूकता का संदेश दिया गया। आयोजन में नागरिकों से संविधान के महत्व को समझने, अपने अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति सजग रहने और लोकतांत्रिक मूल्यों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया गया।

