Sunday, November 29, 2026
Homeछत्तीसगढ़आदिवासियों का ऐलान: 1 दिसंबर को विधायकों के निवास के सामने बजेगा...

आदिवासियों का ऐलान: 1 दिसंबर को विधायकों के निवास के सामने बजेगा नगाड़ा, 15 दिसंबर को विधानसभा घेराव

बिलासपुर में आदिवासी संगठनों की संयुक्त बैठक में आंदोलन की रणनीति तय, 32 प्रतिशत आरक्षण बहाली सहित छह प्रमुख संवैधानिक मांगों को लेकर प्रदेशव्यापी आंदोलन का शंखनाद।

बिलासपुर। आदिवासियों की संवैधानिक मांगों और मूलभूत मुद्दों को लेकर प्रदेश स्तर पर लिए गए निर्णय के तहत बिलासपुर जिले के समस्त आदिवासी संगठनों की संयुक्त बैठक गोंडवाना भवन, सरकंडा में आयोजित की गई। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि आदिवासी समाज के मूल मुद्दों को विधानसभा में प्रभावी ढंग से नहीं उठाए जाने के कारण समाज में आक्रोश व्याप्त है। इसी के विरोध में प्रदेशभर में आंदोलन किया जाएगा।

बैठक में निर्णय लिया गया कि आगामी 1 दिसंबर 2026 को प्रदेश के सभी 90 विधायकों के निवास के सामने आदिवासी समाज द्वारा नगाड़ा बजाकर उन्हें उनके संवैधानिक और जनप्रतिनिधि के कर्तव्यों का बोध कराया जाएगा। इसी कड़ी में बिलासपुर जिले के संबंधित विधायकों के निवास के समीप जिले के सभी आदिवासी संगठन एकजुट होकर नगाड़ा बजाएंगे तथा अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपेंगे।

तीन चरणों में होगा प्रदेशव्यापी आंदोलन

आदिवासी संगठनों की संयुक्त बैठक में आगामी आंदोलन की रूपरेखा तय करते हुए तीन प्रमुख कार्यक्रम घोषित किए गए हैं।

  1. 01 दिसंबर 2026: प्रदेश के सभी विधायकों के निवास स्थान के सामने नगाड़ा बजाकर ज्ञापन सौंपना।
  2. 09 दिसंबर 2026: जिला स्तर पर मंत्रियों का पुतला दहन कर विरोध प्रदर्शन।
  3. 15 दिसंबर 2026: राजधानी रायपुर में आदिवासियों का महाजुटाव एवं छत्तीसगढ़ विधानसभा का घेराव।

आदिवासी समाज की छह प्रमुख संवैधानिक मांगें

आंदोलन के माध्यम से आदिवासी समाज ने अपनी छह प्रमुख मांगों को सामने रखा है।

  1. छत्तीसगढ़ में आदिवासियों के लिए 32 प्रतिशत आरक्षण की बहाली।
  2. छत्तीसगढ़ में समान नागरिक संहिता (UCC) लागू नहीं किए जाने के विषय पर विचार-विमर्श।
  3. छत्तीसगढ़ में स्थानीय भर्ती नीति लागू करने के संबंध में चर्चा।
  4. आदिम जाति कल्याण विभाग के नाम परिवर्तन के मुद्दे पर चर्चा-परिचर्चा।
  5. परिसीमन के विषय पर विचार-विमर्श।
  6. पूर्व में शासन-प्रशासन को सौंपे गए विभिन्न ज्ञापनों की समीक्षा एवं उन पर आगे की कार्रवाई।

सामाजिक एकजुटता के साथ आंदोलन में भागीदारी का संकल्प

बैठक में जिले के विभिन्न आदिवासी संगठनों के प्रमुख पदाधिकारी एवं सामाजिक प्रतिनिधि विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी ने अपनी संवैधानिक मांगों को लेकर सामाजिक एकजुटता प्रदर्शित करते हुए आगामी आंदोलन में बड़ी संख्या में भागीदारी का संकल्प लिया।

इस अवसर पर सर्व आदिवासी समाज के प्रदेश अध्यक्ष सुभाष सिंह परते, शासकीय कर्मचारी संघ के अध्यक्ष रामचंद्र ध्रुव, युवराज सिंह प्रधान, शिवनारायण चेचाम, देव सिंह पोर्ते, के.सी. मार्को, डी.पी. भूपाल, शशी ध्रुव, श्याम दीपक कुमार मरकाम, एस.के. नेताम, चरण सिंह राज, उदय भान सिंह उईके, प्रेम सागर मरकाम, लव सिंह सिदार, बबलू मरकाम, विवेक सिंह मरकाम, टीकम सिंह, मनोज मरावी, सूरज मरकाम, अनिल ध्रुव, नितिन प्रधान, भूपेश ध्रुव, मुकेश मरावी, घनश्याम जगत, उत्तरा ध्रुव, हीरा प्रधान, बसंत नेताम, अजय प्रधान, भंजन सिंह नेताम, दब्बू प्रधान एवं पुष्पेन्द्र गोंड़ सहित अनेक सामाजिक प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

आदिवासी संगठनों ने स्पष्ट किया कि अपनी संवैधानिक मांगों को लेकर समाज एकजुट है और चरणबद्ध आंदोलन के माध्यम से शासन-प्रशासन तक अपनी आवाज पहुंचाई जाएगी।

मूकनायक स्वराज | जनहित की आवाज

Swaraj Meshram
Swaraj Meshramhttps://www.mooknayaknews.com
रायपुर और बिलासपुर संभाग (छत्तीसगढ़), मूकनायक के Divisional Bureau Chief; क्षेत्रीय समाचार और जनहित की रिपोर्टिंग।
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments