मूकनायक/सरिता रानी* *पानीपत/हरियाणा* हरियाणा की जूनियर बालिका कबड्डी टीम ने एक बार फिर अपनी खेल प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए 52वीं जूनियर नेशनल बालिका कबड्डी प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम कर लिया। पंजाब के फरीदकोट में 25 से 28 नवंबर तक आयोजित इस प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में हरियाणा की टीम ने हिमाचल प्रदेश को 29-23 के अंतर से पराजित कर स्वर्ण पदक हासिल किया। इसके साथ ही हरियाणा की टीम ने लगातार दूसरी बार चैंपियन बनने का गौरव प्राप्त किया।प्रतियोगिता में हरियाणा की खिलाड़ियों ने शुरू से ही शानदार खेल का प्रदर्शन किया। टीम ने सेमीफाइनल मुकाबले में राजस्थान की मजबूत टीम को शिकस्त देकर फाइनल में प्रवेश किया। इसके बाद निर्णायक मुकाबले में हिमाचल प्रदेश को हराकर खिताब पर कब्जा जमाया।हरियाणा की इस उपलब्धि पर प्रदेश के विकास एवं पंचायत मंत्री तथा एमेच्योर कबड्डी एसोसिएशन हरियाणा के चेयरमैन कृष्ण लाल पंवार, एसोसिएशन के अध्यक्ष अनिल कुमार, महासचिव नसीब जांघू सहित अन्य पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों और कोचिंग स्टाफ को बधाई दी।कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि हरियाणा की टीम ने पूरी प्रतियोगिता के दौरान अनुशासन, खेल भावना और उत्कृष्ट प्रदर्शन का परिचय दिया। खिलाड़ियों की मेहनत, लगन और सामूहिक प्रयासों के परिणामस्वरूप प्रदेश को लगातार दूसरी बार राष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक की उपलब्धि हासिल हुई है। उन्होंने टीम के सभी खिलाड़ियों और कोचिंग स्टाफ के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि यह सफलता प्रदेश की खेल प्रतिभाओं और मजबूत खेल संस्कृति का प्रमाण है।

