बिलासपुर। CMD महाविद्यालय में 26 नवंबर को आयोजित संविधान दिवस का कार्यक्रम विवादों में घिर गया। कार्यक्रम के आयोजन को लेकर छात्रों ने कॉलेज प्रशासन पर संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की उपेक्षा और राजनीतिक प्रचार को प्राथमिकता देने का आरोप लगाया है। छात्रों का कहना है कि कार्यक्रम स्थल पर न तो संविधान की तस्वीर या प्रतीक दिखाई दिया और न ही बाबा साहब डॉ. अंबेडकर का चित्र लगाया गया, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पोस्टर प्रमुखता से लगाए गए थे।
छात्रों के मुताबिक, संविधान दिवस जैसे महत्वपूर्ण अवसर पर संविधान और उसके निर्माता को सम्मानजनक स्थान मिलना चाहिए था। लेकिन कार्यक्रम में ‘माय भारत युवा संवाद’ के माध्यम से केंद्र सरकार की विचारधारा के प्रचार को प्राथमिकता दिए जाने का आरोप लगा। इसे लेकर कार्यक्रम के दौरान ही छात्रों ने विरोध दर्ज कराया।

इस दौरान आजाद पैनल के छात्र नेता हरीश कलसा (बाबू) ने कॉलेज प्रशासन से सवाल करते हुए कार्यक्रम की व्यवस्था और पोस्टर-बैनर को लेकर जवाब मांगा। छात्रों का आरोप है कि पोस्टर-बैनर की जिम्मेदारी से संबंधित लोगों ने यह कहते हुए पल्ला झाड़ लिया कि यह उनकी मर्जी है। इस कथित जवाब के बाद कॉलेज प्रशासन की कार्यप्रणाली और कार्यक्रम की निष्पक्षता पर सवाल उठने लगे।
हरीश कलसा ने कहा कि संविधान दिवस के नाम पर राजनीतिक प्रचार करना और संविधान निर्माता बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर को उचित सम्मान नहीं देना बेहद आपत्तिजनक है। उन्होंने कहा कि शैक्षणिक संस्थानों में संविधान के मूल्यों, समानता और लोकतांत्रिक विचारों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए, न कि किसी एक राजनीतिक या वैचारिक विचारधारा को।
आजाद पैनल ने कॉलेज प्रशासन से पूरे मामले में सार्वजनिक स्पष्टीकरण देने और सामूहिक रूप से माफी मांगने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि मामले में उचित कार्रवाई नहीं की गई तो छात्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।

अब सवाल यह है कि CMD कॉलेज में संविधान दिवस मनाया गया या फिर इस महत्वपूर्ण अवसर को राजनीतिक प्रचार का मंच बना दिया गया? छात्रों ने कॉलेज प्रशासन से इस पूरे मामले पर जवाब देने की मांग की है।

