मूकनायक / रिपोर्टर धर्मवीर गौतम / हिंडौन सिटी
हिण्डौन सिटी। शहर में हड्डी एवं जोड़ रोग से संबंधित समस्याओं को लेकर शनिवार, 26 सितंबर को निःशुल्क चिकित्सा परामर्श शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर में एमबीबीएस (AIIMS), एमएस-ऑर्थो डॉ. धर्मेन्द्र कुमार मरीजों को हड्डी एवं जोड़ रोगों से संबंधित विशेषज्ञ परामर्श देंगे।
शिविर में घुटने एवं कूल्हे के जोड़ प्रत्यारोपण, घुटनों के दर्द, रीढ़ की हड्डी एवं नसों से संबंधित समस्याओं, ट्रॉमा एवं फ्रैक्चर, खेलकूद के दौरान होने वाली चोटों तथा बच्चों की हड्डियों एवं जन्मजात विकृतियों से जुड़ी समस्याओं पर चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराया जाएगा।
इसके साथ ही हड्डियों एवं जोड़ों से संबंधित मरीजों के लिए आवश्यक जांच और आगे के उपचार को लेकर भी चिकित्सकीय मार्गदर्शन दिया जाएगा। शिविर में RBS, HbA1c, BMD, मांसपेशियों की ताकत, न्यूरोपैथी, विटामिन-डी जोखिम तथा ब्लड प्रेशर जैसी जांच सुविधाएं भी उपलब्ध कराए जाने की जानकारी दी गई है।
चिकित्सकों के अनुसार हड्डी एवं जोड़ संबंधी समस्याओं में समय पर विशेषज्ञ की सलाह लेना उपचार की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण हो सकता है। शिविर के माध्यम से स्थानीय स्तर पर लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श और आवश्यक जांच की सुविधा उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।
शिविर का आयोजन हिण्डौन सिटी के मोहन नगर क्षेत्र में विवेकानंद पार्क के पीछे स्थित गौतम मेडिकल स्टोर परिसर में किया जाएगा। शिविर शनिवार को सुबह 9 बजे से शाम 8 बजे तक आयोजित होगा।

